मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में पति की हत्या के मामले में अदालत ने रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। आरोप है कि दोनों ने अमित की हत्या के लिए सांप से डसवाने की साजिश रची थी। फैसला सुनाए जाने के समय दोनों आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत के सामने पेश हुए। सजा का ऐलान होने के बाद दोनों के रोने की जानकारी सामने आई है।गौरतलब है कि मेरठ में नीले ड्रम कांड के आरोपियों को फांसी की सजा सुनाए जाने के दो दिन बाद यह फैसला आया है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई पेशी

सजा सुनाने के दौरान अदालत ने जेल में बंद दोनों आरोपियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उनका पक्ष सुना। न्यायाधीश ने उनसे हत्या के मामले में दोषी होने और प्रस्तावित सजा के संबंध में पूछा। इसके बाद अदालत ने दोनों को मृत्युदंड सुनाया।

मृतक की मां बोलीं- मिला इंसाफ

अमित की मां मुनेश ने फैसले पर संतोष जताते हुए कहा कि दोनों को फांसी की सजा मिलने से उनके परिवार को राहत मिली है। उन्हें उम्मीद थी कि अदालत से न्याय मिलेगा और फैसले से उनकी यह उम्मीद पूरी हुई है।मुनेश ने अमित के तीनों बच्चों की परवरिश को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह अपनी क्षमता के अनुसार बच्चों को पालेंगी। वहीं, अमित के भाई सोनू ने कहा कि वह अपने भाई के हत्यारों को सजा दिलाने के लिए आखिरी सांस तक संघर्ष करते रहेंगे।

सजा के बाद जेल में रोने लगे आरोपी

रविता और अमरदीप चौधरी चरण सिंह जिला जेल में बंद हैं। जेल के वरिष्ठ अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, मृत्युदंड की सजा सुनाए जाने के बाद दोनों आरोपी रोने लगे। फिलहाल वे अपनी पुरानी बैरक में ही हैं।जेल प्रशासन के अनुसार, अदालत के फैसले की प्रति मिलने के बाद दोनों को सजायाफ्ता कैदियों के लिए निर्धारित बैरक में स्थानांतरित किया जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!