

अंबिकापुर/बतौली: सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सिलमा में रविवार को जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। लंबे समय से चल रहे पारिवारिक भूमि विवाद के बीच एक बुजुर्ग किसान की कथित रूप से ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, सिलमा निवासी होस राम पैंकरा (57 वर्ष) का ग्राम पथरई निवासी बजरंग पैंकरा और उसके परिवार के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवादित भूमि पथरई के समीप लालमाटी क्षेत्र में स्थित है। दोनों पक्ष उक्त जमीन पर अपना-अपना दावा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इस भूमि को लेकर राजस्व न्यायालय में भी मामला विचाराधीन है। इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं। मृतक कुछ दिन पहले इसी मामले को लेकर थाने भी पहुंचा था।रविवार सुबह करीब 11:30 बजे विवादित जमीन पर जुताई करने के लिए एक पक्ष ट्रैक्टर लेकर पहुंचा। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे। जब इसकी जानकारी होस राम पैंकरा को मिली तो वे अपने परिजनों के साथ खेत पहुंचे और जुताई का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान होस राम और उनके परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। इसी बीच होस राम जमीन पर गिर गए। आरोप है कि इसके बाद ट्रैक्टर चालक ने उनके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उनके सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही बतौली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भुवनेश्वर, बजरंग, उमेश, मनोज, रघुनंदन, बोधन, कमली और प्यारी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर उमेश चला रहा था। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस के अनुसार, विवादित भूमि एक महिला के नाम दर्ज थी और उसके वसीयतनामे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से मतभेद चला आ रहा था। इसी विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया और एक किसान की जान चली गई। मामले की विस्तृत जांच जारी है।





















