

अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 16 हजार 720 रुपये नकद और दो ताश की गड्डियां जब्त की गई हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 जून को थाना कोतवाली पुलिस शहर में पेट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली किनमनाकला स्थित गुडलक गैरेज के पीछे कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से कटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं।सूचना की तस्दीक के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी मौके से फरार हो गए, जबकि 12 लोगों को रंगे हाथों जुआ खेलते हुए पकड़ लिया गया। जांच के दौरान आरोपियों के फड़ और कब्जे से दो ताश की गड्डियां तथा कुल ₹16,720 नकद बरामद किए गए।पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलना पाए जाने पर उनके खिलाफ धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, प्रधान आरक्षक सूरज राय सहित आरक्षक जोधन पैंकरा, नितिन सिन्हा, विवेक राय, बृजेश राय और एहसान फिरदौसी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















