

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के बतौली में एनएच-43 पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। शांतिपारा मुख्य मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा बूथ अध्यक्ष की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए निकल गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पोकसरी भालुबार निवासी शिवमंगल दास (50 वर्ष), भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे। शुक्रवार रात वह अपने निजी कार्य से बतौली आए हुए थे। देर रात करीब 9:30 बजे वे अपनी बाइक क्रमांक CG 15 F 1869 से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान शांतिपारा मुख्य मार्ग के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 बतौली की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल भाजपा बूथ अध्यक्ष को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने एनएच-43 पर लगातार बढ़ रहे तेज रफ्तार वाहनों पर चिंता जताते हुए यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज गति से दौड़ रहे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।




















