
बलरामपुर/राजपुर। एनएच-343 की बदहाल स्थिति, जगह-जगह गड्ढों, कीचड़ एवं जलजमाव से आम जनता, स्कूली विद्यार्थियों, राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर द्वारा अध्यक्ष नीरज तिवारी के नेतृत्व में अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर प्रतीकात्मक रूप से “बेशर्मी का पौधा” लगाकर सरकार और प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लंबे समय से एनएच-343 की स्थिति बेहद खराब है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और जलजमाव के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों, पैदल राहगीरों एवं वाहन चालकों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य में हो रही देरी को लेकर क्षेत्रवासियों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि एनएच-343 क्षेत्र की लाइफलाइन है, लेकिन इसकी बदहाली पर जिले के मंत्री, सांसद, विधायक सहित शासन-प्रशासन गंभीर नहीं है। जिले के चुने हुए जनप्रतिनिधि सड़क की दुर्दशा के सुधार के प्रयाश की जगह आवागमन के लिए सड़क बदल कर ग्रामीण रास्तों से आना जाना कर रहे हैं। सड़क की समस्या को लेकर कई बार ध्यान आकृष्ट कराया गया, बावजूद इसके स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसी प्रशासनिक संवेदनहीनता के विरोध में सड़क पर “बेशर्मी का पौधा” लगाकर सरकार को आईना दिखाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य में तेजी नहीं लाई गई तो कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक करेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर जमकर नारेबाजी की और एनएच-343 के निर्माण एवं मरम्मत कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग की। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति को देखते हुए राजपुर पुलिस द्वारा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
इस दौरान लालसाय मिंज, सुभाष अग्रवाल, डोमेनिक एक्का, सतेंद्र पाण्डेय, बृजेश मिश्रा, पीएन विश्वास, विद्यानंद दुबे, रामबिहारी यादव, नारायण शांडिल्य, बबलू खान, आनंद मसी तिर्की, सुनील भगत, लोकेश शांडिल्य, विमल कुजूर, मुमताज अंसारी, रवि सोनी, सुरेश यादव, श्याम दास, कौशल चौबे, प्रमोद ठाकुर, आलोक सिंह, देवबली, नवीन एक्का, कुमार साय, विकास यादव, अशोक यादव, पंकज ठाकुर, जयकुमार, दशरथ टेकाम, सतीश कुमार, श्याम रविंदर, केन्दा कुजूर, सुरेन्द्र कुमार, मिराज, हरेन्द्र, अर्पित खेश, श्याम देव, भारत कुमार, दिनेश नगेशिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




















