जीपीएम: नगर पंचायत मरवाही द्वारा भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में निर्मित अटल परिसर महज छह महीने के भीतर ही बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। परिसर की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और निर्माण की गुणवत्ता के साथ-साथ रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, परिसर के चारों ओर खुली नालियां बह रही हैं, जिससे दुर्गंध फैल रही है। परिसर के भीतर और बाहर जाने वाले मार्ग कई जगह से टूट चुके हैं। वहीं जगह-जगह कचरे के ढेर लगे होने से परिसर की सुंदरता पूरी तरह प्रभावित हो गई है। नियमित साफ-सफाई और रखरखाव का अभाव भी स्पष्ट दिखाई देता है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हाल ही में तैयार हुआ यह परिसर कुछ ही महीनों में वर्षों पुराने खंडहर जैसा नजर आने लगा है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण इतनी कम अवधि में ही भवन और परिसर की स्थिति खराब हो गई।नागरिकों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर से पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा परिसर की तत्काल मरम्मत और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है। इस मामले में नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी।

यदि जांच में निर्माण कार्य में अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की मांग तेज हो सकती है। फिलहाल स्थानीय लोग चाहते हैं कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर बने इस परिसर की गरिमा बनाए रखने के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!