दुर्ग। छत्तीसगढ़ में नकली खाद्य पदार्थों के बाद अब नकली सिगरेट का कारोबार भी सामने आया है। दुर्ग शहर की सिटी कोतवाली पुलिस ने इंदिरा मार्केट स्थित एसएसडी ट्रेडर्स में कार्रवाई करते हुए नामी ब्रांड की नकली सिगरेट की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने मौके से 18 हजार नकली सिगरेट के साथ पैकेजिंग से जुड़ी सामग्री बरामद की है। जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 7 हजार रुपये बताई गई है।मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर शुरू हुई जांच

दुर्ग शहर एएसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक आईटीसी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि ने सिटी कोतवाली पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इंदिरा मार्केट स्थित एसएसडी ट्रेडर्स में गोल्ड फ्लैक प्रीमियम ब्रांड की पैकेजिंग और नाम से मिलते-जुलते नकली उत्पाद बेचे जा रहे हैं।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाया। जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई आगे बढ़ाई।

18 हजार नकली सिगरेट और पैकेजिंग सामग्री बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस को नकली सिगरेट के दो अलग-अलग स्टॉक मिले। इनमें एक स्टॉक में 12 हजार और दूसरे में 6 हजार सिगरेट शामिल थीं। इसके अलावा नकली उत्पाद तैयार करने और उनकी पैकेजिंग से संबंधित सामग्री भी बरामद की गई।पुलिस के अनुसार आरोपियों पर असली उत्पाद की पहचान और पैकेजिंग की नकल कर उसे बाजार में बेचने तथा आर्थिक लाभ कमाने का आरोप है।

दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

मामले में पुलिस ने विशाल जसवानी और निखिल सिहानी को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

नकली सिगरेट की सप्लाई लाइन खंगाल रही पुलिस

अब पुलिस जांच का फोकस नकली सिगरेट के पूरे नेटवर्क पर है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों को नकली सिगरेट कहां से मिलती थी, इसकी पैकेजिंग कहां तैयार होती थी और किन इलाकों में इन उत्पादों की सप्लाई की जाती थी।पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस कारोबार में आरोपियों के अलावा और कितने लोग शामिल हैं और नकली सिगरेट की खेप दुर्ग तक किस माध्यम से पहुंचाई जा रही थी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!