

कोरिया: कोरिया जिले के थाना बैकुंठपुर में दर्ज एक गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम राशि बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक जिला कोरिया द्वारा फरार आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण एवं विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को अब 10,000 की इनाम राशि देने की घोषणा की गई है। इससे पहले इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए5,000 का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार थाना बैकुंठपुर के अपराध क्रमांक 214/2026 में धारा 107, 308(2), 309(4), 296 BNS एवं 3(2)(v) ST/SC Act के तहत प्रकरण दर्ज है। मामले में आरोपी जगत कुमार वेद, पिता इंद्र चंद्र वेद, उम्र करीब 55 वर्ष तथा दीपक वेद फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ उनकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक कोरिया ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग करने के उद्देश्य से पूर्व में घोषित 5,000 की इनाम राशि को बढ़ाकर 10,000 कर दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के संबंध में ऐसी कोई भी सूचना, जो उनकी गिरफ्तारी में सहायक साबित हो, देने वाले व्यक्ति को घोषित इनाम राशि प्रदान की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति को फरार आरोपियों के ठिकाने, आवाजाही या उनके संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी प्राप्त होती है, तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस को इसकी सूचना दें।पुलिस का उद्देश्य फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध जानकारी को पुलिस तक पहुंचाएं।











