सूरजपुर: रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए प्रदेश में मिलावटी, अमानक और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ द्वारा ‘‘बने खाबो - बने रहिबो 2.0‘‘ सात दिवसीय जन जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के परिपालन में सूरजपुर जिले में भी अभियान की शुरुआत कर दी गई है, जिसके अंतर्गत मिष्ठान भंडारों एवं होटलों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता तथा स्वच्छता की सघन जांच की जा रही है।

अभियान के प्रथम दिवस अभिहित अधिकारी  पुष्पा राज चौहान एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी  रामप्रकाश जायसवाल तथा  दीपा साहू की संयुक्त टीम ने जिले के पंडित स्वीट्स, गोलू स्वीट्स, बाबा होटल, गुड्डू स्वीट्स, बंसल स्वीट्स, मद्रास होटल, राजस्थानी होटल एवं दिलीप होटल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।टीम द्वारा आवश्यकता पड़ने पर संदिग्ध खाद्य पदार्थों को रोकने, हटाने, जब्ती करने एवं अन्य विधिसम्मत कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जांच के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान में मिलावट अथवा अमानक खाद्य सामग्री पाए जाने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन सघन जांच एवं कार्यवाही की जाएगी तथा यह अभियान रक्षाबंधन पर्व तक निरंतर जारी रहेगा। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे मिष्ठान एवं खाद्य सामग्री की खरीदी करते समय गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत की सूचना खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को दें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!