
सूरजपुर: सूरजपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 88 किलो 430 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 19 अगस्त 2026 की रात थाना प्रेमनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक सीजी 16 सीएन 7570 में अवैध गांजा परसाकेते की ओर से बचरापोड़ी, जिला कोरिया की ओर ले जाया जा रहा है।सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस ने ग्राम रघुनाथपुर चौक के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर बस्ती की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को ब्रम्हपुर क्षेत्र में पकड़ लिया।पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम उमरे आजम उर्फ नान्हू खान, पिता स्वर्गीय अयुब खान, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पोड़ी (बचरा), थाना बैकुंठपुर, जिला कोरिया बताया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पुलिस से बचने के लिए उसने बोलेरो वाहन को अस्पताल परिसर में छिपा दिया था और वाहन छोड़कर बाइक से लिफ्ट लेकर भागने का प्रयास कर रहा था।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बोलेरो वाहन से 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके बाद गांजा और परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी), 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई में एएसआई गुड्डू कुशवाहा, सुप्रियन टोप्पो, पीएसआई पुलेश्वर ध्रुव, प्रधान आरक्षक विनय किस्पोट्टा, प्रमोद लकड़ा सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।




















