जनसमस्या निवारण शिविर में उमड़ा जनसैलाब,सुशासन के संकल्प से साकार हो रहे आमजनों के सपनें

सभी वंचित पात्र हितग्राहियों को मिलेगा प्रधानमंत्री आवास का लाभ

बलरामपुर।सुशासन तिहार के अंतर्गत नगर पालिका परषिद रामानुजगंज स्थित काका लरंगसाय कम्युनिटी हॉल में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रदेश के आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास, कृषि तथा पशुपालन मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य बद्री यादव, मुंषी राम, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंत्री रामविचार नेताम ने अपने उद्बोधन में कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार तक पहुंचाना है।  साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं से भी लाभान्वित करना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मंषानुरूप एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नेतृत्व में निम्नवर्गीय परिवारों को पक्के आवास से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में भी प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों को चरणबद्ध आवास की स्वीकृति प्रदान की जा रही है। शासन की प्राथमिकता प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना है और इस दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आवास प्लस सर्वे के माध्यम से छूटे हुए पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें भी योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया जारी है।

मंत्री श्री नेताम ने क्षेत्र में विद्युत विस्तार कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिससे अब क्षेत्रवासियों को बिजली संबंधी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा और निर्बाध बिजली की उपलब्धता सुनिष्चित होगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है तथा इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में तालाब निर्माण, जल निकासी के लिए नाली निर्माण तथा पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। साथ ही स्वच्छ एवं सुंदर नगर निर्माण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने ईंधन का सीमित उपयोग तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने की अपील करते हुए किसानों से प्राकृतिक एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियां अपनाने का आग्रह किया। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने विचार रखे।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सुषासन शिविर के माध्यम से आमजनों की समस्याओं से संबंधित आवेदन लिए जा रहे हैं तथा आवेदनों का त्वरित निराकरण भी किया जा रहा है। षिविर में पात्र एवं छूटे हुए लोगों के त्वरित राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं, सामाजिक सुरक्षा के तहत परीक्षण के पश्चात पात्र पाए गए वृद्धजनों व जरूरतमंदों के पेंशन स्वीकृति प्रदान की जा रही है। साथ ही आयुष्मान कार्ड तथा श्रम कार्ड सहित शासन द्वारा दी जाने वाली अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं का लाभ सीधे आमजनों तक पहुँचाया जा रहा है।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने स्वच्छता में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा, जब हम सुबह उठते हैं, तो सबसे पहले अपने घर की सफाई करते हैं; ठीक उसी तरह यह पूरा नगर भी हमारा अपना घर है और इसकी स्वच्छता की जिम्मेदारी भी हम सबकी है। नगर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के लिए ठोस एवं तरल अपशिष्ट का सही निपटान करना सबसे जरूरी है और इसका उचित निपटान करने के लिए मैं आप सभी महिलाओं से विशेष सहयोग का अपील करती हूँ।

कलेक्टर ने स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा कि हमारा यह प्रयास होना चाहिए कि कचरे को हमेशा डब्बे में ही डालें, उसे बाहर खुले में बिल्कुल न फेंकें।  साथ ही उन्होंने शासन की लोक-कल्याणकारी योजनाओं और आवास निर्माण पर विशेष जोर देते हुए कहा, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जितने भी पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र मिला है, वे सभी जल्द से जल्द अपने आवास निर्माण कार्य को पूर्ण कराएं। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि बलरामपुर जिले में ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में शहरी क्षेत्र के हितग्राहियों को अधिक राशि प्राप्त हुई है, इसलिए इस राशि का सही उपयोग कर समय पर अपने सपनों का घर तैयार करें।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों एवं सेवाओं की जानकारी आमजन को दी गई। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम तथा हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी, आवास स्वीकृति प्रमाण-पत्र, किसान किताब तथा आयुष्मान कार्ड का वितरण भी किया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!