
लखनपुर/ प्रिंस सोनी: लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कटिंदा और जनपद पंचायत लखनपुर में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज शामिल हुए। इस दौरान सरस्वती सायकल वितरण योजना के तहत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटिंदा में कक्षा नवमी की करीब 20 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। वहीं क्षेत्र के करीब 60 दिव्यांग एवं असहाय जरूरतमंद लोगों को पांच-पांच हजार रुपये की अनुदान राशि के चेक भी प्रदान किए गए।जनपद पंचायत लखनपुर में आयोजित कार्यक्रम में पंचायतों को मछली बीज का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल भी शामिल हुए। वहीं कटिंदा हाईस्कूल में आयोजित सायकल वितरण कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि क्षेत्र के कई गांवों से छात्राएं पैदल स्कूल पहुंचती थीं। साइकिल मिलने से अब उनके लिए स्कूल आने-जाने में काफी सुविधा होगी और शिक्षा की राह आसान बनेगी।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के जर्जर भवन की मरम्मत की मांग भी सामने आई। इस पर विधायक ने नए भवन निर्माण की दिशा में पहल करने की बात कही। उन्होंने क्षेत्र की सड़क, स्कूल भवन सहित अन्य समस्याओं को लेकर कहा कि सभी समस्याएं उनके संज्ञान में हैं और उन्हें जल्द से जल्द दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि राकेश साहू, मंडल अध्यक्ष रवि महंत, महामंत्री विक्रम सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, अभिभावक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



















