
लखनपुर/ प्रिंस सोनी: लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर लखनपुर चौपाटी के पास शनिवार 22 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे सड़क हादसा हो गया। अज्ञात पिकअप वाहन ने स्कूटी सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार तीनों युवक घायल हो गए और उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।घायलों की पहचानमुकेश राजवाड़े निवासी परी, सुयश पैकरा निवासी बतौली और संजू राजवाड़े निवासी लहपटरा के रूप में बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय युवक नशे की हालत में थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच या मेडिकल परीक्षण के बाद ही हो सकेगी दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।घटना की सूचना मिलने पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात पिकअप वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।एनएच-130 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।




















