नई दिल्ली: दीपावली से पहले रेलवे कर्मचारियों के लिए बोनस को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने रेलवे के गैर-राजपत्रित कर्मचारियों (नॉन-गजेटेड) को 78 दिनों का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) देने की मंजूरी दी है। इस फैसले से देशभर के करीब 11.4 लाख रेल कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। बोनस के भुगतान पर रेलवे कुल 2,009.61 करोड़ रुपये खर्च करेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे कर्मचारियों को उनके काम और प्रदर्शन के आधार पर 78 दिनों का बोनस दिया जाएगा।

अधिकतम 17,951 रुपये तक मिलेगा बोनस

सरकार के मुताबिक, पात्र रेल कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस दिया जाएगा। इसकी गणना 7,000 रुपये की निर्धारित मासिक वेतन सीमा के आधार पर की जाती है। इस हिसाब से प्रत्येक पात्र कर्मचारी को अधिकतम 17,951 रुपये तक बोनस मिल सकता है।रेलवे कर्मचारियों को यह बोनस हर साल दुर्गा पूजा और दशहरा के आसपास दिया जाता है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना और रेलवे की कार्यक्षमता में सुधार करना है।

किन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ?

इस बोनस योजना के दायरे में रेलवे के विभिन्न विभागों में काम करने वाले पात्र गैर-राजपत्रित कर्मचारी शामिल हैं। इनमें ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, टेक्नीशियन हेल्पर, पॉइंट्समैन, मंत्रालयीन कर्मचारी और ग्रुप-C के अन्य पात्र कर्मचारी शामिल हैं।

रेलवे ने दर्ज किया रिकॉर्ड प्रदर्शन

सरकार के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारतीय रेलवे ने माल ढुलाई और यात्री परिवहन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। इस दौरान रेलवे ने रिकॉर्ड 1,670 मिलियन टन माल की ढुलाई की, जबकि करीब 7.41 अरब यात्रियों ने रेल से सफर किया।सरकार ने रेलवे कर्मचारियों के इसी योगदान को ध्यान में रखते हुए बोनस को मंजूरी दी है। इस फैसले से त्योहारों के दौरान लाखों कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!