बलरामपुर:  आगामी त्योहारों और जिले में लंबित मामलों को लेकर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित अपराध, मर्ग, गुमशुदगी, साइबर अपराध, एनडीपीएस, महिला एवं बाल अपराध, यातायात और कानून-व्यवस्था समेत विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

एसपी ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर अपराधों के शीघ्र निराकरण के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए। साथ ही लंबित चीटफंड और धोखाधड़ी के मामलों, शिकायतों तथा पीड़ित मुआवजा प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने पर जोर दिया।

गुमशुदा लोगों की तलाश और ऑपरेशन मुस्कान पर जोर

गुमशुदा व्यक्तियों के मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम बच्चों की तलाश, उन्हें सुरक्षित बरामद करने और पुनर्वास की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देने कहा गया।

नशे के खिलाफ सख्ती, जब्त वाहनों की राजसाती पर जोर

एनडीपीएस मामलों की समीक्षा के दौरान नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एनडीपीएस मामलों में जब्त वाहनों की राजसाती नशे के वित्तीय स्रोतों की जांच तथा बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की पड़ताल करने पर जोर दिया गया।

साइबर ठगी के नए तरीकों को लेकर जागरूकता

15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चल रहे साइबर जागृति अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में म्यूल अकाउंट, पॉइंट ऑफ सेल इन्वेस्टिगेशन, सोशल इंजीनियरिंग, फेक APK और OTP फ्रॉड जैसे साइबर अपराध के नए तरीकों पर चर्चा हुई। पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षित करने के साथ आम लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने कहा गया।

महिला और बाल अपराधों की जांच में तेजी

महिलाओं से संबंधित अपराधों तथा पॉक्सो अधिनियम  के मामलों को प्राथमिकता से लेते हुए त्वरित जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसपी ने पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के लिए विवेचना की गुणवत्ता और गति पर विशेष ध्यान देने कहा।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट, ट्रिपल सवारी, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई को प्रभावी करने और लंबित शिकायतों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में वाड्रफनगर एसडीओपी रामअवतार ध्रुव, कुसमी एसडीओपी अलेक्सिस टोप्पो, रामानुजगंज एसडीओपी राजेश बांगडे, डीएसपी हेड क्वार्टर प्रमोद किस्पोट्टा, डीएसपी अजाक कमलेश्वर भगत सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!