दुर्ग : सुपेला थाना क्षेत्र से देर रात एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पंजाब बार के बाहर मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दो गुटों के बीच जमकर हिंसक मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते पूरा मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।हमलावरों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए एक युवक के गले पर बीयर की बोतल फोड़कर हमला कर दिया। युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक वारदात

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक मिलकर दो चचेरे भाइयों को बेरहमी से पीट रहे हैं।मारपीट के दौरान जब एक युवक अधमरी हालत में जमीन पर गिर पड़ा, तब भी हमलावर नहीं रुके। आरोप है कि एक युवक ने घायल पर भारी पत्थर से हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में चीख-पुकार मच गई।

शराब पीकर बाहर निकले थे दोनों भाई, तभी हुआ हमला

घायलों की पहचान ज्ञानेश्वर साहू और उनके चचेरे भाई आशीष साहू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक दोनों युवक पंजाब बार में शराब पीने गए थे।बार से बाहर निकलते ही कुछ अज्ञात युवकों से उनका विवाद हो गया, जिसके बाद आरोपियों ने दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया।घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक युवक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

बीयर बोतल और पत्थरों से किया गया हमला

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि सुपेला थाना क्षेत्र स्थित पंजाब बार में मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ितों पर बीयर की बोतल और पत्थरों से सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला किया गया है।पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!