जशपुर: जशपुर पुलिस ने शहर के एक चर्चित किराना दुकान चोरी मामले का खुलासा करते हुए चोरी में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की चोरी गई राशन सामग्री, नकदी और घटना में इस्तेमाल ऑटो भी बरामद किया है। मामले में चोरी का सामान खरीदने वाला झारखंड का एक दुकानदार भी पुलिस की गिरफ्त में आया है।

जानकारी के मुताबिक, जशपुर के लक्ष्मी गुड़ी मंदिर के पास स्थित विक्रम किराना दुकान में 8 और 9 मई 2026 की दरमियानी रात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की राशन सामग्री पार कर दी थी। दुकान संचालक विक्रम ताम्रकार ने 10 मई को सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।इस मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एसडीओपी चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर टीम की मदद ली और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।

जांच के दौरान पुलिस को जशपुर के नवाटोली, बनिया टोली, सरना टोली और करबला रोड के कुछ युवकों पर संदेह हुआ। पुलिस ने विरेन्द्र भगत उर्फ लड्डू, कार्तिक भगत, अजय रवानी और पमित बरला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी नवाजिश खान के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि चोरी का सामान ऑटो में भरकर झारखंड के गुमला जिले के सकतारा गांव निवासी दुकानदार अमृत लाल केरकेट्टा को बेच दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने झारखंड में दबिश देकर अमृत लाल को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं फरार आरोपी नवाजिश खान को साइबर टीम की मदद से सिमडेगा, झारखंड से पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 58 डिब्बा 13 लीटर वाला रिफाइन तेल, 7 बोरी चावल, 15 पाउच रिफाइन तेल, 34 बोतल सरसों तेल, एक पेटी साबुन, 36 पैकेट सिगरेट, चोरी की बिक्री से मिले 1005 रुपये और घटना में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक JH-07-E-7736 जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में विरेन्द्र भगत, अजय रवानी, कार्तिक भगत, पमित बरला, अमृत लाल केरकेट्टा और नवाजिश खान शामिल हैं। पांच आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि नवाजिश खान को भी न्यायालय में पेश किया जाएगा।

एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि चोरी और ऐसे अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!