अम्बिकेश गुप्ता

कुसमी। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड खान प्रभाग सामरी से जुड़े ट्रक मालिकों के लंबित भुगतान को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल के पांचवें दिन सोमवार, 17 अगस्त को ट्रक मालिक संघ सामरी और हिंडाल्को प्रबंधन के बीच सामरी स्थित कार्यालय में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड खान प्रभाग सामरी की ओर से ट्रक मालिकों को चर्चा के लिए बुलाया गया था। बैठक में लंबित भुगतान सहित परिवहन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

ट्रक मालिक संघ सामरी के अध्यक्ष पुनीत गुप्ता ने बताया कि ट्रक मालिकों का कुल 115 दिनों का भुगतान लंबित है। बैठक में हिंडाल्को की ओर से 80 दिनों के लंबित भुगतान को मंगलवार को ठेकेदार के माध्यम से कराए जाने का आश्वासन दिया गया है। वहीं शेष 35 दिनों के भुगतान को लेकर आगामी बैठक में चर्चा कर यह तय किया जाएगा कि उक्त राशि का भुगतान कब तक किया जाएगा।

अध्यक्ष पुनीत गुप्ता के अनुसार बैठक में परिवहन एवं भुगतान व्यवस्था से संबंधित कई नियमावलियां बनाए जाने पर भी चर्चा हुई है। इन नियमों और अन्य बिंदुओं पर ट्रक मालिक संघ तथा संबंधित पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद ही अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया जाएगा। यदि सहमति नहीं बनती है तो ट्रक मालिक संघ का आंदोलन जारी रहेगा।

कांग्रेस ने धरना स्थल पहुंचकर दिया समर्थन..

इधर सोमवार को ही दोपहर करीब 1 बजे ट्रक मालिकों के समर्थन में कांग्रेस के पदाधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने ट्रक मालिकों की मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन को अपना समर्थन दिया। बलरामपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने फोन पर हिंडाल्को सामरी प्रबंधन के राजेश राठौर से चर्चा की और ट्रक मालिकों के लंबित भुगतान को शीघ्र कराने को लेकर बातचीत की।

मीडिया को जारी बयान में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर यादव ने कहा कि ट्रक मालिकों के हड़ताल पर बैठने की जानकारी सामने आने के बाद जमीनी स्तर पर पहुंचने पर उनकी वास्तविक स्थिति का पता चला है। उन्होंने कहा कि ट्रक मालिकों को करीब चार महीने से भाड़ा नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है। कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के साथ खड़ी रही है और ट्रक मालिक संघ या कोई भी पीड़ित व्यक्ति अपनी समस्या लेकर सामने आता है तो पार्टी उसके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि ट्रक मालिकों का भुगतान नहीं किया जाता है तो आने वाले दिनों में ट्रक मालिक संघ जिस प्रकार के आंदोलन का निर्णय लेगा, कांग्रेस पार्टी उसी के अनुरूप उनके साथ खड़ी रहेगी।

पूर्व विधायक ने नियमित भुगतान की मांग उठाई..

पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम ने कहा कि ट्रक मालिकों की समस्याएं सुनकर दुख हुआ कि पिछले चार महीने से परिवहन का भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें कई विषम परिस्थितियों से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी स्थिति क्यों निर्मित हुई। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर जिला प्रशासन और हिंडाल्को प्रबंधन से चर्चा की जाएगी, ताकि ट्रक मालिकों को हर महीने नियमित रूप से ट्रकों का किराया मिल सके। उन्होंने प्रबंधन और ठेकेदार पर असंवेदनशीलता का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस परिवार ट्रक मालिकों की परेशानियों के साथ खड़ा है। प्रशासनिक अमले के अब तक मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर डॉ. प्रीतम राम ने कहा कि यदि प्रशासन को मामले की जानकारी दी गई है तो अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर ट्रक मालिकों की समस्याएं सुननी चाहिए। साथ ही प्रबंधन और ठेकेदार के बीच बातचीत कर मामले का निराकरण कराने की पहल की जानी चाहिए।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रशासन और भाजपा पर उठाए सवाल..

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी अध्यक्ष हरीश मिश्रा ने कहा कि ट्रक मालिकों की एक सूत्रीय मांग है कि उन्हें समय पर भाड़े का भुगतान किया जाए। भुगतान नहीं मिलने से उनके सामने कई तरह की परेशानियां उत्पन्न हो गई हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में भी ट्रक मालिक विषम परिस्थितियों के बीच धरने पर बैठने के लिए मजबूर हैं और सोमवार को आंदोलन का पांचवां दिन है। हरीश मिश्रा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि क्षेत्र के सांसद, विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा से हैं, लेकिन अभी तक भाजपा का कोई राजनीतिक प्रतिनिधि ट्रक मालिकों का हालचाल जानने नहीं पहुंचा है। उन्होंने प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि खनन और परिवहन से जुड़ी पूरी स्थिति की जानकारी होने के बावजूद तहसीलदार, एसडीएम अथवा कोई अन्य उच्च अधिकारी अब तक ट्रक मालिकों की समस्या सुनने धरना स्थल पर नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से कांग्रेस के जिला से लेकर ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी ट्रक मालिकों के दुख-दर्द में शामिल होने धरना स्थल पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि ट्रक मालिकों का आंदोलन जिस रूप में आगे बढ़ेगा, कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा रहेगा। हरीश मिश्रा ने कहा कि यदि ट्रक मालिकों का भुगतान नहीं होता है तो कांग्रेस पार्टी हिंडाल्को के पूरे परिवहन कार्य को बंद कराने की दिशा में आंदोलन करने पर विचार करेगी।

जीएन कंस्ट्रक्शन ने कहा - कल भुगतान कर देंगे..

वहीं जीएन कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत उपेंद्र सिंह ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि ट्रक मालिकों के साथ बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी की ओर से हर महीने भुगतान किया गया है, लेकिन कुछ कारणों से इस बार भुगतान में देरी हुई है। उन्होंने बैंक से जुड़ी कुछ परेशानियों का हवाला देते हुए कहा कि कल भुगतान कर दिया जाएगा।

अब मंगलवार के भुगतान पर टिकी निगाहें..

सोमवार को हुई बैठक के बाद अब ट्रक मालिकों की नजर मंगलवार को होने वाले 80 दिनों के भुगतान पर टिकी है। ट्रक मालिक संघ के अनुसार कुल 115 दिनों के लंबित भुगतान में से 80 दिनों का भुगतान कराने का आश्वासन मिला है, जबकि शेष 35 दिनों के भुगतान की समयसीमा आगामी बैठक में तय की जाएगी। फिलहाल ट्रक मालिकों ने स्पष्ट किया है कि केवल आश्वासन के आधार पर हड़ताल समाप्त नहीं की जाएगी। भुगतान, प्रस्तावित नियमावली और अन्य बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद ही आंदोलन समाप्त करने पर निर्णय लिया जाएगा। ऐसे में मंगलवार को होने वाला भुगतान और आगामी बैठक इस पूरे विवाद के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!