अम्बिकापुर:  राज्य में आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा आगामी रक्षाबंधन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट, मिथ्याछाप, भ्रामक प्रस्तुतीकरण, असुरक्षित खाद्य पदार्थ एवं प्रतिबंधित एनालॉग डेयरी उत्पादों के निर्माण, वितरण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ द्वारा ‘‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’’ सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।यह अभियान 17 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक सात दिवस संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा इकाई द्वारा अपने-अपने कार्यक्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 17 अगस्त 2026 को अभियान के प्रथम दिवस नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा कलेक्टर के निर्देशानुसार एवं अभिहित अधिकारी, सरगुजा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा अंबिकापुर के थोक खाद्य एवं मिठाई बाजारों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के रख-रखाव, भंडारण एवं विक्रय की स्थिति का जायजा लिया गया। साथ ही वेफर्स का नमूना संकलित कर जांच हेतु परीक्षण प्रयोगशाला में प्रेषित किया गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा त्योहारी सीजन को देखते हुए आगामी दिनों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों के नमूना संकलन की कार्रवाई जारी रखी जाएगी। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!