

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्यमार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। लखनपुर थाना क्षेत्र के नवापारा के पास अज्ञात चारपहिया वाहन की ठोकर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजेन्द्र पैकरा (26 वर्ष) पिता जगसाय पैकरा निवासी ग्राम मरेया उदयपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 8 बजे राजेन्द्र अपने एक साथी के साथ मवेशी लेकर पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान लखनपुर के नवापारा के पास तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक के पैर की हड्डी टूट गई और सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव को शव वाहन के जरिए लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।लखनपुर पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में वाहन की तलाश कर रही है। फिलहाल युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए लखनपुर शवगृह में रखा गया है। शव का पीएम मंगलवार को कराकर परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
गौरतलब है कि अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्यमार्ग पर आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। खासकर लखनपुर का नवापारा क्षेत्र पहले भी कई गंभीर दुर्घटनाओं का गवाह बन चुका है। लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और लोग इस मार्ग पर सफर करने से भी डरने लगे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।




















