बलरामपुर: बलरामपुर पुलिस ने मारपीट, घर में घुसकर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सूचीबद्ध गुंडा बदमाश अंकित तिर्की उर्फ गोलू तिर्की (34) को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 9 पतरा पारा निवासी रोज मोहम्मद (52) ने थाना कोतवाली बलरामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 जुलाई 2026 को उनका पुत्र अमरजद खान ज्ञान गंगा स्कूल के पास खड़ा था। इसी दौरान पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर अंकित तिर्की ने उसके साथ गाली-गलौज की, हाथ-मुक्कों से मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी पीड़ित के घर पहुंचा और वहां भी दोबारा मारपीट की, जिससे उसके गले सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 122/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत विवेचना शुरू की। घायल का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें चोटें साधारण प्रकृति की पाई गईं। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों, गवाहों के बयान और घटनास्थल निरीक्षण के आधार पर प्रकरण में अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं।विवेचना के दौरान आरोपी अंकित तिर्की को थाना बुलाकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपराध स्वीकार किया और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 25 जुलाई 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की सूचना नियमानुसार उसके परिजनों को दी गई।

बलरामपुर पुलिस ने कहा है कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!