
नई दिल्ली: दिवाली पर हुई आतिशबाजी का असर अब दिल्ली-एनसीआर की आबोहवा पर साफ दिखाई देने लगा है। सोमवार सुबह राजधानी और आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया, जबकि दिल्ली का औसत AQI 368 दर्ज किया गया। प्रदूषण के साथ घने स्मॉग और धुंध ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी। कई इलाकों में दृश्यता घटकर महज 50 मीटर तक रह गई।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे सफदरजंग एयरपोर्ट पर दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई, जबकि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर यह 350 मीटर रही। आसमान में छाई धुंध के कारण सुबह के समय सड़कों पर वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
देर रात तक होती रही आतिशबाजी
दरअसल, रविवार को दिवाली के मौके पर दिल्ली-एनसीआर में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत रात 8 बजे से 10 बजे तक केवल हरित पटाखे जलाने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, निर्धारित समय सीमा के बावजूद कई इलाकों में देर रात तक आतिशबाजी जारी रही। इस दौरान पारंपरिक पटाखे भी जमकर जलाए गए, जिससे प्रदूषण का स्तर और बढ़ गया।
रात में ही बिगड़ने लगी थी हवा की गुणवत्ता
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के प्रति घंटे जारी आंकड़ों के अनुसार, रविवार रात 10 बजे दिल्ली का AQI 371 दर्ज किया गया। राजधानी के 59 निगरानी केंद्रों में से 20 पर प्रदूषण का स्तर रेड जोन में पहुंच गया था। कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब से गंभीर श्रेणी के बीच दर्ज की गई।सोमवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत AQI 368 रहा, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। प्रदूषण के मौजूदा स्तर को देखते हुए आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की आशंका जताई गई है।
आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है परेशानी
प्रदूषण संबंधी पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार और बुधवार को दिल्ली-एनसीआर की हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है। ऐसे में राजधानी के लोगों को फिलहाल प्रदूषण से राहत मिलने के आसार कम हैं।











