सूरजपुर: सूरजपुर जिले के झिलमिली क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक नाबालिग बालक सहित चार आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में चोरी गई दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल, एयरबड्स, पानी की टंकियां और अन्य सामान सहित कुल 4.15 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।


जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी ओड़गी राजेंद्र मंडावी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी झिलमिली के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने मुखबिरों को सक्रिय किया, पुराने अपराधियों की निगरानी की और घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच के दौरान चार अलग-अलग मामलों का खुलासा हुआ।पहले मामले में करकोटी निवासी ऋषभ पाण्डेय की मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर मोबाइल, चार्जर, एयरबड्स और नकदी चोरी की गई थी। इस मामले में छोटू अगरिया, शेखर साहू और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़कर उनके कब्जे से पांच मोबाइल, एक एयरबड्स और चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल समेत करीब 3.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया।

दूसरे मामले में भैयाथान साप्ताहिक बाजार से चोरी हुई प्लेटिना मोटरसाइकिल के मामले में आरोपी शिवा देवांगन को गिरफ्तार कर बाइक बरामद की गई।तीसरे मामले में प्राथमिक शाला उपरपारा केवरा की छत पर लगी शासकीय पानी की टंकियां चोरी होने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी लला कोल को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की गई दोनों पानी की टंकियां बरामद की गईं।वहीं चौथे मामले में चौकी बसदेई क्षेत्र से चोरी हुई पल्सर मोटरसाइकिल के मामले में आरोपी प्रद्युम्न बघेल को अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस को सौंपा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, एक एयरबड्स, दो पानी की टंकियां तथा घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड सहित कुल 4.15 लाख रुपये का समान जब्त किया है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी, एएसआई संजय सिंह यादव प्रधान आरक्षक राहुल गुप्ता महेन्द्र सिंह महेन्द्र यादव पिंगल मिंज, करन सिंह नेताम, आरक्षक कमलेश मानिकपुरी, ताराचंद यादव एवं अमरधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!