
अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी। कुसमी क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। स्थानीय गलफुला नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर से ऊपर पहुंचने तथा नदी पर स्थित पुरानी पुलिया के क्षतिग्रस्त होने के बाद अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुसमी अनमोल विवेक टोप्पो की ओर से आम नागरिकों एवं वाहन चालकों के लिए जनहित में आवश्यक सूचना जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कुसमी - जशपुर मार्ग पर गलफुला नदी वाली क्षतिग्रस्त पुलिया से आवागमन से बचने और वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की है।
प्रशासन की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि वर्तमान में कुसमी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगातार भारी वर्षा हो रही है। इसके चलते गलफुला नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर से ऊपर पहुंच गया है। नदी पर स्थित पुरानी पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ऐसे में पुलिया के ऊपर तेज बहाव के साथ पानी आने की स्थिति में आवागमन करना बेहद जोखिमपूर्ण हो सकता है।
वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील..
संभावित अप्रिय स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से कुसमी - जशपुर मार्ग पर गलफुला नदी वाले मार्ग के स्थान पर वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की है। कुसमी आने - जाने के लिए नीलकंठपुर - कटीमा - दर्रीपारा मार्ग का उपयोग किया जा सकता है।
इसके अलावा जशपुर मुख्य मार्ग पर गलफुला नदी के पहले स्थित नवडीहा - सिविलदाग होते हुए कस्मार - अंबिकापुर मुख्य मार्ग से भी आवागमन किया जा सकता है।
भारी वाहनों एवं यात्री बसों के लिए विशेष सावधानी..
गलफुला नदी की पुलिया से भारी वाहनों एवं यात्री बसों की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन की अपील विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बारिश के दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने और पुलिया के ऊपर तेज बहाव होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में वाहन चालकों से किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने और प्रशासन द्वारा बताए गए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने को कहा गया है।
प्रशासन की ओर से समय रहते जारी की गई यह सूचना दुर्घटना की रोकथाम और नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम और नदी के जलस्तर की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक जोखिम न लें तथा प्रशासन की सलाह का पालन करें।




















