

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लूट, झपटमारी और चाकूबाजी की घटनाओं ने कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कई वारदातों के बाद पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ मामलों में आरोपी अब भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
ई रिक्शा में बैठते ही युवक बना लूट का शिकार
तेलीबांधा थाना क्षेत्र में सक्ती जिले के ग्राम तुषार निवासी नंदकुमार कुर्रे के साथ लूट की घटना हुई। नंदकुमार रायपुर में एमए की पढ़ाई के साथ कंप्यूटर सेल सर्विस का काम करते हैं।
शिकायत के मुताबिक 16 जुलाई की रात वह रेलवे स्टेशन से ई रिक्शा में बैठकर मौदहापारा जा रहे थे। रास्ते में एक सवारी को उतारने के बाद चालक उन्हें सुनसान इलाके की ओर ले गया। पुराने मारुति शोरूम के पीछे पहुंचते ही चालक ने वाहन धीमा कर दिया। इसी दौरान साथ बैठे युवक ने उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उनका मोबाइल छीनकर ई रिक्शा से फरार हो गया।
बैग में रखे जरूरी दस्तावेज भी ले गए बदमाश
पीड़ित का कॉलेज बैग भी ई रिक्शा में ही रह गया, जिसमें दूसरा मोबाइल फोन, ईयरफोन, कपड़े, बेल्ट, स्कार्फ, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड, 750 रुपये नकद और चांदी की अंगूठी रखी थी। पीड़ित ने करीब 25 हजार रुपये के सामान की लूट होने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अज्ञात ई रिक्शा चालक और उसके साथी की तलाश कर रही है।
मजदूर से मोबाइल और नकदी झपटी
टिकरापारा थाना क्षेत्र में संतोषी नगर निवासी मजदूर अंबिका प्रसाद केशरवानी भी झपटमारी का शिकार हो गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि 14 जुलाई की रात देवपुरी स्थित एक फैक्ट्री के पास काम करने के दौरान बाइक पर पहुंचे दो युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया।
मोबाइल कवर में 1700 रुपये नकद भी रखे थे, जिसे लेकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुरानी रंजिश में चाकूबाजी, दो लोग घायल
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के प्रियदर्शिनी नगर में पुरानी रंजिश को लेकर दो लोगों पर हमला किया गया। शिकायत के अनुसार संजू निहाल और बीच बचाव करने पहुंचे करण यादव पर चाकू और मारपीट से हमला किया गया। इस मामले में जय जाल और प्रदीप मंडावी पर आरोप लगाया गया है। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
संतोषी नगर में भी युवक पर चाकू से हमला
टिकरापारा थाना क्षेत्र के संतोषी नगर में भी पुरानी रंजिश के चलते शेख वारिश पर चाकू से हमला किया गया। शिकायत के मुताबिक वारिश अपने साथी मधुसूदन के साथ पैदल जा रहे थे, तभी चंदन ठाकुर, रमजान और भोला ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि तीनों ने पहले गाली गलौज और मारपीट की, फिर चाकू से कई वार कर मौके से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
लगातार घटनाओं से बढ़ी पुलिस की चुनौती
राजधानी में लगातार सामने आ रही लूट, झपटमारी और चाकूबाजी की घटनाओं ने लोगों में चिंता बढ़ा दी है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है।











