विज्ञापन प्रकाशित होने से पहले ही निकल चुकी थी निविदा डाउनलोड की अंतिम तारीख, सीएमओ ने कहा 16 नवंबर को प्रारंभिक तिथि पढ़ें; वेंडर कोड और डिजिटल सिग्नेचर की अनिवार्यता पर भी उठे सवाल

अम्बिकेश गुप्ता की रिपोर्ट

कुसमी: नगर पंचायत कुसमी में पांच दुकानों की नीलामी के लिए जारी ऑनलाइन निविदा प्रक्रिया शुरुआत से ही कई सवालों के घेरे में आ गई है। पहले निविदा विज्ञापन में डाउनलोड करने की अंतिम तिथि को लेकर गड़बड़ी सामने आई, फिर विज्ञापन में प्रकाशित वेबसाइट पर निविदा नहीं मिलने और उसे डाउनलोड करने में परेशानी की बात सामने आई। इसके बाद नगर पंचायत के सब इंजीनियर द्वारा केवल वेंडर कोडधारी व्यक्तियों को ही निविदा डाउनलोड करने की जानकारी दिए जाने से आम नागरिकों की भागीदारी को लेकर सवाल उठने लगे। मामला सामने आने के बाद मुख्य नगरपालिका अधिकारी अरविन्द विश्वकर्मा ने अपना पक्ष रखते हुए तारीख और वेबसाइट में त्रुटि होने की बात स्वीकार की। अब नगर पंचायत ने बाकायदा त्रुटि सुधार सूचना प्रकाशित कर तारीख और वेबसाइट में संशोधन किया है। हालांकि, वेंडर कोड और डिजिटल सिग्नेचर की अनिवार्यता के आधार सहित निविदा की पूरी समय-सीमा को लेकर अभी भी कुछ सवालों का स्पष्ट जवाब सामने आना बाकी है।

आदेश जारी होने की तारीख और विज्ञापन प्रकाशन के बीच ही सामने आई गड़बड़ी..

प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार नगर पंचायत कुसमी द्वारा दुकानों की नीलामी के लिए कार्यालयीन पत्र क्रमांक 1019/लो.नि./न.प./2026 दिनांक 16 नवंबर 2026 को ऑनलाइन निविदा जारी की गई थी। इसके बाद एक दैनिक समाचार पत्र में 19 नवंबर 2026 को निविदा का विज्ञापन प्रकाशित हुआ। प्रकाशित विज्ञापन में निविदा डाउनलोड करने की अंतिम तिथि 16 नवंबर 2026 दर्ज थी। यानी जिस तारीख को निविदा जारी की गई, उसी तारीख को डाउनलोड करने की अंतिम तिथि भी बता दिया गया, जबकि विज्ञापन तीन दिन बाद प्रकाशित हुआ। ऐसे में विज्ञापन देखने वाले इच्छुक लोगों के सामने यह सवाल खड़ा होना स्वाभाविक था कि जब विज्ञापन 19 नवंबर को प्रकाशित हुआ, तो 16 नवंबर तक निविदा डाउनलोड करने का अवसर कैसे मिल सकता था? इस त्रुटि के कारण निविदा में भाग लेने के इच्छुक लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई।

सीएमओ ने कहा—16 नवंबर को प्रारंभिक तिथि पढ़ा जाए..

इस संबंध में मुख्य नगरपालिका अधिकारी अरविन्द विश्वकर्मा से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि विज्ञापन में 16 नवंबर 2026 को अंतिम तिथि के स्थान पर प्रारंभिक तिथि पढ़ा जाना चाहिए। उनके अनुसार यह त्रुटि भूलवश प्रकाशित हो गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि विज्ञापन में वेबसाइट का उल्लेख भी गलत हो गया था और दोनों त्रुटियों का सुधार एक दैनिक समाचार पत्र में पुनः प्रकाशित कराया गया है।

नगर पंचायत ने जारी की लिखित त्रुटि सुधार सूचना..

सीएमओ के मौखिक स्पष्टीकरण के बाद अब नगर पंचायत की लिखित त्रुटि सुधार सूचना भी सामने आ गई है। कार्यालय नगर पंचायत कुसमी द्वारा क्रमांक 1031/लो.नि./न.प./2026, दिनांक 20 नवंबर 2026 को जारी इस सूचना में स्पष्ट किया गया है कि मूल निविदा आदेश क्रमांक 1019 दिनांक 16 नवंबर 2026 के तहत दुकानों की बिक्री के लिए ऑनलाइन निविदा निकाली गई थी। एक दैनिक समाचार पत्र में 19 नवंबर 2026 को प्रकाशित विज्ञापन में निविदा डाउनलोड करने की प्रारंभिक तिथि 16 नवंबर 2026 को त्रुटिवश अंतिम तिथि अंकित हो गई थी। त्रुटि सुधार करते हुए अब 16 नवंबर 2026 को निविदा डाउनलोड करने की प्रारंभिक तिथि पढ़ने को कहा गया है।

इसी सुधार सूचना में पूर्व में प्रकाशित वेबसाइट के स्थान पर `http://egeproc.cgstate.gov.in` पढ़ने का उल्लेख किया गया है। इस तरह नगर पंचायत ने तारीख और वेबसाइट दोनों में हुई त्रुटियों को अपने आधिकारिक संशोधन के माध्यम से स्वीकार करते हुए सुधार किया है।

वेबसाइट पर निविदा नहीं मिलने से बढ़ा था भ्रम, अब सही पोर्टल बताया..

मामले में वेबसाइट का गलत उल्लेख भी कम महत्वपूर्ण नहीं था। मूल विज्ञापन में प्रकाशित वेबसाइट के माध्यम से निविदा तलाशने और डाउनलोड करने में इच्छुक लोगों को परेशानी होने की बात सामने आई। जब नगर पंचायत कुसमी के सब इंजीनियर अमित एक्का से इस संबंध में जानकारी ली गई, तो उनके द्वारा बताया गया कि केवल वेंडर कोडधारी व्यक्ति ही निविदा डाउनलोड कर सकते हैं। इस जवाब के बाद सवाल उठा कि दुकान नीलामी में भाग लेने के इच्छुक आम नागरिकों के लिए वेंडर कोड क्यों जरूरी है और क्या बिना वेंडर कोड वाला कोई पात्र व्यक्ति इस प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकता? अब त्रुटि सुधार सूचना में सही वेबसाइट `egeproc.cgstate.gov.in` बताई गई है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सही पोर्टल पर निविदा दस्तावेज उपलब्ध हैं या नहीं और इच्छुक आवेदक उन्हें आसानी से प्राप्त कर पा रहे हैं या नहीं।

वेंडर कोड और डिजिटल सिग्नेचर के बिना नीलामी में भाग लेना संभव नहीं..

वेंडर कोड की अनिवार्यता को लेकर उठे सवालों पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी कुसमी अरविन्द विश्वकर्मा ने कहा कि शासन द्वारा जारी गाइडलाइन एवं प्रकाशित राजपत्र में दुकान नीलामी के लिए दिए गए निर्देशों के अनुरूप केवल वेंडर कोडधारी ही नीलामी प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। इसके लिए डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (डीएससी) उपलब्ध होना भी आवश्यक है। यानी नगर पंचायत के अनुसार नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए वेंडर कोड और डिजिटल सिग्नेचर जरूरी हैं।

हालांकि, इस व्यवस्था को लेकर यह जानना भी जरूरी है कि सामान्य नागरिक या स्थानीय व्यापारी किस प्रक्रिया से वेंडर कोड प्राप्त कर सकते हैं? क्या कोई भी पात्र व्यक्ति निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर नीलामी में भाग ले सकता है? सीएमओ ने शासन की गाइडलाइन और प्रकाशित राजपत्र का हवाला दिया है, लेकिन संबंधित शासनादेश, दिशा-निर्देश और पात्रता की शर्तें सार्वजनिक होने से इच्छुक आवेदकों को नियम समझने में आसानी होगी। केवल वेंडर कोड और डीएससी की अनिवार्यता बता देना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि दुकान नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति इन्हें कैसे प्राप्त कर सकते हैं।

पांच दुकानों की नीलामी, अलग-अलग वर्गों के लिए आरक्षण..

नगर पंचायत कुसमी द्वारा जारी निविदा में कुल पांच दुकानों की नीलामी प्रस्तावित है। उपलब्ध विज्ञापन के अनुसार दुकान क्रमांक 02 और 03 अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए, दुकान क्रमांक 04 अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए, दुकान क्रमांक 05 महिलाओं के लिए तथा दुकान क्रमांक 06 अनारक्षित वर्ग के लिए निर्धारित है। अलग-अलग वर्गों के लिए आरक्षण तय होने के कारण स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों की नजर इस नीलामी प्रक्रिया पर है। ऐसे में निविदा की शर्तों और आवेदन की प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराना भी जरूरी है।

कांग्रेस अध्यक्ष और भाजपा उपाध्यक्ष वाली नगर पंचायत में प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल..

नगर पंचायत कुसमी में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा का प्रतिनिधित्व है। ऐसे राजनीतिक समीकरण वाली नगर पंचायत में दुकानों की नीलामी जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया के विज्ञापन में तारीख और वेबसाइट की त्रुटियां सामने आना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। हालांकि, उपलब्ध तथ्यों के आधार पर किसी जनप्रतिनिधि की व्यक्तिगत भूमिका या मिलीभगत का आरोप नहीं लगाया जा सकता। फिलहाल मामला नगर पंचायत प्रशासन द्वारा निविदा प्रक्रिया में बरती गई सावधानी, सही जानकारी के प्रकाशन और इच्छुक आवेदकों को समान अवसर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी से जुड़ा है।

त्रुटि सुधार के बाद भी इन सवालों का जवाब जरूरी..

नगर पंचायत ने त्रुटि सुधार विज्ञापन जारी कर प्रारंभिक तिथि और वेबसाइट संबंधी गलती को सुधार दिया है, लेकिन सुधार सूचना में निविदा डाउनलोड करने की वास्तविक अंतिम तिथि स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं दिखाई देती। मूल निविदा में दस्तावेज जमा करने की अंतिम तिथि 13 दिसंबर 2026 बताई गई थी। क्या यह तारीख संशोधन के बाद भी यथावत है, इसकी स्पष्ट जानकारी भी सार्वजनिक की जानी चाहिए।

इसके अलावा वेंडर कोड और डीएससी अनिवार्य करने वाले शासनादेश या गाइडलाइन की प्रति, वेंडर कोड प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा सही वेबसाइट पर निविदा दस्तावेज उपलब्ध होने की स्थिति भी स्पष्ट होना जरूरी है। यदि नीलामी प्रक्रिया में केवल वेंडर कोडधारी ही भाग ले सकते हैं, तो यह जानकारी शुरुआत से ही विज्ञापन में स्पष्ट रूप से दी जानी चाहिए थी, ताकि इच्छुक व्यक्ति समय रहते जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर सकें।

नगर पंचायत प्रशासन इन सभी बिंदुओं पर कितनी स्पष्टता से जानकारी सार्वजनिक करता है। दुकानों की नीलामी में पात्र लोगों को तकनीकी जानकारी या विज्ञापन संबंधी त्रुटियों के कारण परेशानी न हो, इसके लिए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, स्पष्ट और सभी के लिए सुलभ होना जरूरी है। इस ओर निगाहेँ टिकी हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!