दुर्ग : जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब से सामने आए एक वीडियो ने स्वास्थ्य व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में लैब टेक्नीशियन ब्लड सैंपल और चिकित्सीय उपकरणों के बीच अलग-अलग गानों पर रील बनाती नजर आ रही हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

लैब के अंदर बनाया गया वीडियो बना विवाद की वजह

अस्पताल की लैब में मरीजों के सैंपल और जांच से जुड़े उपकरण मौजूद होने के बावजूद कर्मचारियों द्वारा रील बनाए जाने का मामला सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि जिस स्थान पर रोजाना बड़ी संख्या में मरीज जांच के लिए पहुंचते हैं, वहां कर्मचारियों का इस तरह सोशल मीडिया कंटेंट बनाने में व्यस्त रहना कितना उचित है।अटल आरोग्य लैब में प्रतिदिन 100 से अधिक लोगों की जांच होने की बात अस्पताल प्रबंधन ने कही है। ऐसे में लैब की कार्यप्रणाली और मरीजों से जुड़ी जांच प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

सिविल सर्जन ने मांगा जवाब, जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले की जानकारी मिलते ही सिविल सर्जन आशीषन मिंज ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना है। उन्होंने लैब प्रभारी जेपी मेश्राम से पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है।अस्पताल प्रशासन के मुताबिक वीडियो की जांच कराई जा रही है। जांच में यदि कर्मचारियों की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सरकारी कर्मचारियों को सेवा की गरिमा बनाए रखने की नसीहत

सिविल सर्जन आशीषन मिंज ने कहा कि सरकारी सेवा में काम करने वाले कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों और पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। अस्पताल की लैब मरीजों की जांच से जुड़ी संवेदनशील जगह है, इसलिए वहां इस तरह की गतिविधियां नहीं होनी चाहिए।अब अस्पताल प्रबंधन वीडियो की वास्तविकता और उसमें शामिल कर्मचारियों की पहचान की जांच कर रहा है। रिपोर्ट सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

पहले भी जांच रिपोर्ट को लेकर विवाद में रही है यही लैब

अटल आरोग्य लैब कुछ दिन पहले एक अन्य मामले को लेकर भी सवालों के घेरे में आ चुकी है। जिला अस्पताल में भर्ती एक युवक की HIV जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए तो दोबारा जांच कराई गई, जिसमें रिपोर्ट निगेटिव आई।दोनों रिपोर्ट में अंतर सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से संबंधित रिपोर्ट मांगी थी। साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच और उनका सही तरीके से कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए गए थे।ऐसे में अब लैब के भीतर रील बनाने का वीडियो सामने आने से अस्पताल की व्यवस्था को लेकर नई बहस छिड़ गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!