बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में बेहद शातिर तरीके से ठगी का मामला सामने आया है। दो युवकों ने पहले असली सोने का छोटा टुकड़ा दिखाकर एक व्यापारी का भरोसा जीता और फिर नकली सोने की माला को असली बताकर 3 लाख 5 हजार रुपए ऐंठ लिए। ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

चांदी का सिक्का दिखाकर बनाई पहचान, फिर शुरू किया ठगी का खेल

जानकारी के अनुसार बंधवापारा निवासी अनिल विश्वकर्मा अपने घर से जनरल स्टोर का संचालन करते हैं। करीब एक सप्ताह पहले दो अज्ञात युवक उनके घर पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्होंने पहले चांदी का सिक्का दिखाया और फिर घर में रखे सोने के आभूषण की तस्वीर देखकर दावा किया कि उनके पास भी ऐसी ही सोने की माला है, जिसे वे बेचना चाहते हैं।

असली सोने का टुकड़ा देकर जीता भरोसा

दो दिन बाद दोनों युवक फिर व्यापारी के घर पहुंचे और एक थैले में रखी माला दिखाकर उसे शुद्ध सोने की बताने लगे। भरोसा दिलाने के लिए उन्होंने माला का एक छोटा हिस्सा जांच के लिए दिया। अनिल विश्वकर्मा ने उस टुकड़े की जांच सकरी के पुराने बाजार स्थित एक सराफा कारोबारी से कराई, जहां उसे असली सोना बताया गया। इसके बाद व्यापारी पूरी तरह उनके झांसे में आ गया।

पत्नी के गहने गिरवी रख और गोल्ड लोन लेकर जुटाए 3.05 लाख रुपए

आरोपियों ने माला की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई, लेकिन व्यापारी ने इतनी रकम एक साथ देने में असमर्थता जताई। इस पर उन्होंने उपलब्ध रकम लेकर सौदा करने की बात कही। माला खरीदने के लालच में अनिल विश्वकर्मा ने अपनी पत्नी के गहने गिरवी रखे, गोल्ड लोन लिया और किसी तरह 3 लाख 5 हजार रुपए की व्यवस्था की।

23 जून को दोनों आरोपी उनके घर पहुंचे, नकदी लेकर माला सौंप दी और मौके से फरार हो गए।

दोबारा जांच में खुली पोल, पूरी माला निकली नकली

कुछ समय बाद व्यापारी जब माला की दोबारा जांच कराने उसी सराफा कारोबारी के पास पहुंचे तो पता चला कि पूरी माला नकली है। यह सुनते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के मोबाइल फोन बंद मिले।

सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन के सहारे तलाश में जुटी पुलिस

ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित ने सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पहले असली सोने का छोटा टुकड़ा देकर विश्वास हासिल किया और फिर नकली माला बेचकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस अब आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

व्यापारियों से सतर्क रहने की अपील

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति से बिना पूरी जांच-पड़ताल के सोने-चांदी या अन्य कीमती सामान की खरीदारी न करें। वहीं व्यापारियों ने ऐसे ठग गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई और इस तरह की ठगी का शिकार न हो।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!