जशपुर: जशपुर जिले में गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत मनोरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम खरसोता जंगल पुलिया के पास घेराबंदी कर तस्करों के कब्जे से 7 मवेशियों को मुक्त कराया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर को चौकी मनोरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खरसोता जंगल पुलिया के पास कुछ लोग मवेशियों को क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए पैदल ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।इस दौरान पुलिस ने 4 बैल और 3 भैंस सहित कुल 7 मवेशियों को बरामद किया। मौके से बालेश्वर राम (38 वर्ष), निवासी ग्राम छतोरी, चौकी सोनक्यारी, जिला जशपुर को पकड़ लिया गया। वहीं, उसके साथ मौजूद तीन अन्य संदिग्ध आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी से मवेशियों के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बालेश्वर राम बताया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर फरार आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश जारी है।मामले में चौकी मनोरा में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जशपुर पुलिस अधीक्षक डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में गौ तस्करी के विरुद्ध ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को भी मजबूत किया है, जिसके चलते तस्करी के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौ तस्करी जैसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में चौकी मनोरा के सहायक उप निरीक्षक वैभव कुमार सिंह तथा आरक्षक शैलेन्द्र तोमर, रितेश भगत, अरविंद साय, संजीव कुजूर और नीलीन साय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!