
अंबिकापुर: फर्जी राजस्व आदेश के जरिए जमीन अपने नाम कराने के मामले में लुण्ड्रा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से राजस्व मंडल बिलासपुर के फर्जी आदेश की सत्यापित प्रति भी जब्त की गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नायब तहसीलदार तुषार मानिक, तहसील कार्यालय लुण्ड्रा ने इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम खाराकोना निवासी मुस्लिम पिता स्व. मोहिउद्दीन और उसके साथी ने अनुविभागीय दंडाधिकारी धौरपुर के न्यायालय में राजस्व मंडल बिलासपुर के आदेश क्रमांक प्र.क्र./M/16/R/07/2019, दिनांक 01 जून 2019 की कूट रचित प्रति को असली आदेश बताकर प्रस्तुत किया था।आरोपियों ने खाराकोना स्थित खसरा नंबर 814/1, 814/3 और 814/4 की कुल 2.946 हेक्टेयर भूमि अपने नाम कराने के लिए 11 दिसंबर 2023 को आवेदन किया था। जांच के दौरान प्रस्तुत आदेश पूरी तरह फर्जी पाया गया। इसके बाद थाना लुण्ड्रा में अपराध क्रमांक 283/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान प्रार्थी, गवाहों के बयान और जब्त दस्तावेजों के आधार पर आरोपी मो. मुस्लिम फिरदौसी (55 वर्ष), पिता स्व. मोहिउद्दीन, निवासी ग्राम खाराकोना, थाना लुण्ड्रा, जिला सरगुजा के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया तथा उसकी निशानदेही पर राजस्व मंडल बिलासपुर के फर्जी आदेश की सत्यापित प्रति पेश की गई, जिसे विधिवत जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार पतासाजी कर रही है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
सम्पूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक अच्युतचंद तिवारी, सहायक उप निरीक्षक विशाल मिश्रा, आरक्षक राजकुमार यादव, इबनुल खान, शिवप्रसाद खलखो और वीरेंद्र खलखो सक्रिय रहे।











