नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में समुद्री सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच केंद्र सरकार ने भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत कर दी है। होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिम में फारस की खाड़ी क्षेत्र में मौजूद भारतीय ध्वज वाले या भारत से जुड़े नौ जहाजों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने गुरुवार, 19 नवंबर को समुद्री सुरक्षा की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील समुद्री क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, जहाज संचालकों को समय पर चेतावनी देने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

होर्मुज के पास नौ जहाजों की विशेष निगरानी

बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अनुसार, फारस की खाड़ी में होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिमी हिस्से में भारत से जुड़े नौ जहाजों की पहचान की गई है। क्षेत्र में सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए इनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि इन सभी नौ जहाजों पर हमला होने की कोई जानकारी नही है। निगरानी बढ़ाने का फैसला एहतियाती कदम के तौर पर लिया गया है, ताकि किसी संभावित खतरे की समय रहते जानकारी मिल सके और जरूरत पड़ने पर जहाजों तथा उनके चालक दल को मदद पहुंचाई जा सके।

सोनोवाल ने अधिकारियों को दिए सुरक्षा मजबूत करने के निर्देश

समीक्षा बैठक में केंद्रीय मंत्री ने समुद्री प्रशासन से जुड़े महानिदेशालय और अन्य संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कहा। उन्होंने उच्च जोखिम वाले समुद्री क्षेत्रों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और शिपिंग कंपनियों को समय पर सुरक्षा संबंधी सूचनाएं देने पर जोर दिया।

साथ ही भारतीय नाविकों को संभावित खतरों और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए। किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तेजी से कार्रवाई हो सके, इसके लिए संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने को कहा गया।

व्यापारिक जहाजों पर हमलों की निंदा

सर्बानंद सोनोवाल ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्रों में वाणिज्यिक जहाजों पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं केवल जहाजों पर काम करने वाले नाविकों की जान को खतरे में नही डालतीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार और वैश्विक आपूर्ति व्यवस्था को भी प्रभावित करती हैं।

उन्होंने समुद्री मार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन बनाए रखने की जरूरत बताई। खासकर ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक व्यापार के लिए महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों की सुरक्षा को अहम बताया।

विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावासों से बढ़ेगा तालमेल

सरकार ने समुद्री सुरक्षा से जुड़ी किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई के लिए विदेश मंत्रालय और विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों के साथ समन्वय बढ़ाने का फैसला किया है।

इसके तहत शिपिंग कंपनियों, समुद्री संगठनों और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ भी संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया गया है। उद्देश्य यह है कि किसी भारतीय जहाज या नाविक के संकट में फंसने पर संबंधित एजेंसियां बिना देरी के सहायता पहुंचा सकें।

होर्मुज जलडमरूमध्य से 86 बार गुजर चुके भारतीय जहाज

मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय ध्वज वाले या भारत के लिए माल लेकर जाने वाले जहाज अब तक होर्मुज जलडमरूमध्य से कुल 86 बार गुजर चुके हैं। इससे भारत के लिए इस समुद्री मार्ग का व्यापारिक महत्व स्पष्ट होता है।

होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और आगे अरब सागर से जोड़ता है। यह दुनिया के प्रमुख समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है। कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के अंतरराष्ट्रीय परिवहन में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में इस क्षेत्र में किसी बड़े सुरक्षा संकट का असर ऊर्जा आपूर्ति और माल परिवहन पर पड़ सकता है।

ई-नाविक प्रणाली से 1,000 से अधिक जहाजों की निगरानी

भारतीय नाविकों और जहाजों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सरकार तकनीक आधारित व्यवस्था का उपयोग कर रही है। मंत्रालय के अनुसार, ई-नाविक सीफेयरर ट्रैकिंग मॉड्यूल के जरिए फारस की खाड़ी में होर्मुज के पश्चिमी हिस्से में 800 से अधिक जहाजों की निगरानी की जा रही है।

वहीं, होर्मुज के पूर्व में ओमान की खाड़ी में 200 से अधिक जहाज इस प्रणाली के दायरे में हैं। इस तरह दोनों समुद्री क्षेत्रों में कुल एक हजार से अधिक जहाजों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

प्रभावित नाविकों के मुआवजे की भी समीक्षा

समीक्षा बैठक में पूर्व की समुद्री घटनाओं से प्रभावित नाविकों और उनके परिवारों को दिए जाने वाले मुआवजे की स्थिति पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने संबंधित महानिदेशक को मुआवजे की प्रगति की व्यक्तिगत रूप से जानकारी देने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही प्रभावित नाविकों के परिजनों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की गई।

नाविकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

केंद्र सरकार ने दोहराया है कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण उसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास बढ़ते जोखिमों को देखते हुए समुद्री एजेंसियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

फिलहाल फारस की खाड़ी में भारत से जुड़े नौ जहाजों की विशेष निगरानी जारी है।सरकार का जोर समुद्री व्यापार को सुरक्षित बनाए रखने के साथ भारतीय चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!