भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली के वनडे करियर को लेकर जारी चर्चाओं के बीच 2027 वर्ल्ड कप को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के शीर्ष अधिकारी दोनों खिलाड़ियों को आगामी वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रहे हैं।

रिपोर्ट में बोर्ड के एक सूत्र के हवाले से कहा गया है कि रोहित और विराट जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी भारतीय टीम के लिए बेहद अहम होगी। हालांकि, टूर्नामेंट में उनका खेलना उनकी फिटनेस और खुद खेलने की इच्छा पर निर्भर करेगा।

2027 वर्ल्ड कप की योजना में रोहित-विराट

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, BCCI के अधिकारी रोहित शर्मा और विराट कोहली को 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों में शामिल मानकर चल रहे हैं। बोर्ड का मानना है कि बड़े टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों का अनुभव टीम के काम आ सकता है।

रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से कहा गया है कि रोहित और विराट के बिना वर्ल्ड कप जीतना मुश्किल हो सकता है। न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया सीरीज में दोनों के बल्ले से अपेक्षित रन नही निकले, लेकिन इससे टीम में उनकी अहमियत कम नही हुई है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों का प्रदर्शन रहा कमजोर

हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नही रहा।

रोहित चार मुकाबलों में केवल 30 रन बना सके। वहीं विराट कोहली पूरी सीरीज में 86 रन ही जोड़ पाए। इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट और बोर्ड का भरोसा दोनों अनुभवी बल्लेबाजों पर कायम बताया जा रहा है।

BCCI के एक अधिकारी के मुताबिक, यदि रोहित और विराट 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं और उनकी फिटनेस ठीक रहती है, तो उनके टूर्नामेंट में खेलने की संभावना बनी रहेगी।

2 अक्टूबर 2027 से शुरू होगा वनडे वर्ल्ड कप

ICC वनडे वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 2 अक्टूबर 2027 को होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को खेला जाएगा।

इस विश्व कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट के दौरान 12 वेन्यू पर कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे। ऐसे में भारतीय टीम की तैयारियों के साथ रोहित और विराट की भूमिका पर भी क्रिकेट प्रशंसकों की नजर रहेगी।

फिलहाल रोहित शर्मा और विराट कोहली के वर्ल्ड कप खेलने को लेकर BCCI की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नही हुई है। उपलब्ध जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के बयानों पर आधारित है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!