
नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने तूफान को लेकर कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि तूफान के तट से टकराने के दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि तेज झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका है। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर समेत कई इलाकों में तूफान का असर दिखने लगा है। यहां तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश हो रही है।
दक्षिण बंगाल में भी भारी बारिश की चेतावनी
चक्रवात अकवान के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। वहीं, तूफान के खतरे को देखते हुए दक्षिण-पूर्व रेलवे ने एहतियाती कदम उठाते हुए करीब 28 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। इनमें ज्यादातर ट्रेनें पुरी जाने वाली या इस धार्मिक नगरी से होकर गुजरने वाली हैं।
ओडिशा में युद्धस्तर पर तैयारियां, 9,341 चक्रवात आश्रय स्थल तैयार
चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने बचाव और राहत कार्यों की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री मोहन माझी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। राज्य के 20 जिलों से 3 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इसके अलावा, 9,341 चक्रवात आश्रय स्थलों को तैयार रखा गया है और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 418 टीमें तैनात की गई हैं।
चार राज्यों में चक्रवात का असर, अलर्ट जारी
चक्रवाती तूफान अकवान को देखते हुए ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
ओडिशा: तटीय जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर है। 20 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद किए गए हैं। तीन लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
आंध्र प्रदेश: 10 से अधिक जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की हिदायत दी गई है। 50 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
तेलंगाना: कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।
छत्तीसगढ़: मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई है।
गोपालपुर के आसपास तट से टकराने की आशंका
ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने बताया कि राज्य सरकार पिछले कई दिनों से चक्रवात की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में तूफान का रुख किसी दूसरी दिशा में था, लेकिन बुधवार से इसकी दिशा बदल गई और यह ओडिशा के तट की ओर बढ़ने लगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवात के ओडिशा के गंजाम जिले में गोपालपुर के आसपास तट से टकराने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जबकि तेज झोंकों के साथ इसकी गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।










