भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। कटनी जिले के करौंदी में इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। बुधवार, 18 नवंबर को यहां न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में पारा 9 डिग्री, उमरिया में 10.9 डिग्री, रीवा में 11 डिग्री और दमोह में 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

प्रदेश के बड़े शहरों में भी ठंड का असर दिखाई दिया। जबलपुर में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री और भोपाल में 13 डिग्री सेल्सियस रहा। ये दोनों शहर हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ठंडे रहे, जहां न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरी ओर, गुना में प्रदेश का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

20 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा तूफान तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से बुधवार को मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से के कई जिलों में बादल छाए रहे। अनुमान है कि तूफान 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश और यनम के तटों से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

इस तूफानी सिस्टम का असर केवल आंध्र प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा। ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है। एमपी के पूर्वी क्षेत्र के करीब 20 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

इन जिलों के लिए जारी हुआ यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के जिन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है, उनमें छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं।

इन क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है। गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।

भोपाल में हल्की धुंध, दिन का तापमान 29 डिग्री

राजधानी भोपाल में बुधवार को मौसम शुष्क बना रहा। सुबह और रात के समय हल्की धुंध देखने को मिली, जबकि हवा की गति 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रही। शहर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!