जशपुर: जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में नशे की हालत में तेज रफ्तार और गलत दिशा में कार चलाने वाले एक युवक ने सड़क किनारे खड़े लोगों और वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो चारपहिया वाहनों सहित सात मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को मौके पर मौजूद लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 16 नवंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे पालीडीह स्थित जिंदल बजाज मोटरसाइकिल शो-रूम के सामने की है। बटुराबहार निवासी बोधलाल नायक अपने भतीजे खेमचंद नायक और साथियों सीताराम नायक व संदीप चौहान के साथ मोटरसाइकिल खरीदने शो-रूम पहुंचे थे। सभी ने अपनी गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी की थीं और वाहन देखने के लिए शो-रूम के अंदर चले गए थे।इसी दौरान पाकरगांव की ओर से आ रही आर्टिगा कारक्रमांक CG13AN1090 का चालक तेज रफ्तार में गलत दिशा में वाहन चलाते हुए सड़क के दाहिनी ओर पहुंच गया। अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट डिजायर और आल्टो कार समेत कई मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। इस दौरान शो-रूम के सामने मौजूद लोग भी कार की चपेट में आ गए। हादसे में खेमचंद नायक, सीताराम नायक, संदीप चौहान और विके बंजारा गंभीर रूप से घायल हो गए।

भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी, लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा

हादसे के बाद आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन उसकी कार सड़क के डिवाइडर के गड्ढे में फंस गई। इसके बाद वह कार छोड़कर भागने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान घनश्याम यादव (21 वर्ष), निवासी पालीडीह धनियापारा, थाना पत्थलगांव के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था।

दो कार और सात बाइक क्षतिग्रस्त

इस दुर्घटना में कुल नौ वाहन क्षतिग्रस्त हुए। इनमें स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG15CU9284, आल्टो कार क्रमांक CG04KQ4824 और सात मोटरसाइकिलें शामिल हैं। हादसे में कई लोगों की जान खतरे में पड़ गई और वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।

आरोपी गिरफ्तार, आर्टिगा कार जब्त

मामले में बोधलाल नायक की रिपोर्ट पर पत्थलगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 276/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 एवं 324(2) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद आरोपी घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त आर्टिगा कार को भी विधिवत जब्त कर लिया है।पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।

जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन न चलाएं। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!