रायपुर/ भोपाल : - महाराष्ट्र में पाकिस्तान निर्मित रंग साफ़ करने का दावा करने वाली ''गोरी क्रीम'' के इस्तेमाल से दर्जनों महिलाएं कैंसर और किडनी की बीमारी से ग्रसित हो गई है। पीड़ित महिलाओं की शिकायत के बाद महाराष्ट्र सरकार ने इस क्रीम पर पाबन्दी लगाते हुए कई दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की है। इस बीच मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी पाकिस्तान निर्मित ''गोरी क्रीम'' के बाजार में मुहैया होने से हड़कंप है। भोपाल,इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में ऐसी क्रीम की खेप जप्त कर विक्रेताओं के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की गई है। जबकि रायपुर में प्रशासन की सतर्कता से नकली कॉस्मेटिक सामग्री का निर्माण करने वाली एक फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। यहाँ घटिया ब्यूटी क्रीम और फेशियल सीरम निर्माण का जखीरा जब्त किया गया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने इस फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए बड़ा खुलासा किया है। 

बताया जाता है कि यह फैक्ट्री बिना वैध निर्माण लाइसेंस के कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण कर राज्य के गाँव -गाँव में आपूर्ति कर रही थी। मौंके से प्रशासन की टीम ने लगभग 5 लाख रुपए की निर्माण सामग्री जब्त की है। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ दीपक कुमार अग्रवाल के मुताबिक रायपुर के महावीर नगर स्थित मेसर्स शिव बाबा इंटरनेशनल फैक्ट्री के औचक निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फर्म के संचालक महेंद्र सचदेव द्वारा बिना वैध निर्माण अनुज्ञप्ति के विभिन्न प्रकार के कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण किया जा रहा था। उनके मुताबिक कॉस्मेटिक निर्माण से जुडी इस फर्म को विभाग द्वारा किसी प्रकार की निर्माण अनुज्ञप्ति जारी नहीं की गई थी. निरीक्षण के दौरान मौके पर ग्लैमरिक्स ब्यूटी क्रीम, मॉम ब्यूटी व्हाइटनिंग क्रीम और क्वीनज़ पर्ल फेशियल सीरम का निर्माण किया जाना पाया गया. उनके मुताबिक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन  टीम ने तीनों उत्पादों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए निर्मित उत्पादों को जब्त किया है। 

नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक कुमार अग्रवाल ने बताया कि संदिग्ध कॉस्मेटिक उत्पादों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, संदिग्ध, अवैध अथवा बिना उचित लेबल वाले कॉस्मेटिक उत्पादों की जानकारी मोबाइल नंबर 9340597097 पर देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। जबकि जनस्वास्थ्य एवं उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे बिना वैध निर्माण अनुज्ञप्ति के कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण, भंडारण, विक्रय अथवा वितरण न करें. उपभोक्ता कॉस्मेटिक उत्पाद खरीदते समय उत्पाद का लेबल, निर्माता का नाम एवं पता, निर्माण अनुज्ञप्ति संबंधी विवरण और उपयोग की अंतिम तिथि अवश्य जांचें। इस कार्यवाही में शामिल सहायक औषधि नियंत्रक बेनी राम साहू के मुताबिक मौंके से कई ब्यूटी क्रीम और फेशियल सीरम निर्माण सामग्री मिली है, निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही 12 प्रकार की मशीनें एवं कॉस्मेटिक उत्पादों के निर्माण में प्रयुक्त होने वाले 8 प्रकार के कच्चे माल को भी जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि जब्त की गई समस्त सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 5 लाख रुपए है. औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 और इसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के प्रावधानों के तहत आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की गई है। बताया जाता है कि नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में औषधि नियंत्रण अधिकारी श्री टेकचंद धिरहे, ईश्वरी नारायण सिंह, लक्ष्मी कौशिक और सुरेश साहू शामिल रहे। 

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!