Dindori Hathi Hamla: मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में जंगली हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। समनापुर वन परिक्षेत्र के फिटारी गांव में हाथी के हमले से एक महिला की जान चली गई। बताया जा रहा है कि यह हाथी अब तक दो लोगों को अपना शिकार बना चुका है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद छत्तीसगढ़ सीमा से सटे गांवों में भय का माहौल है।

कई दिनों से इलाके में घूम रहा हाथी

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे क्षेत्रों में यह जंगली हाथी पिछले कई दिनों से विचरण कर रहा है। इसी दौरान सोमवार सुबह फिटारी गांव की एक महिला पर उसने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई।

घटना के बाद ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना ने आसपास के गांवों में लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

पहले बुजुर्ग की भी ले चुका है जान

इस हाथी के हमले की यह दूसरी घातक घटना बताई जा रही है। इससे पहले मेहदवानी वन परिक्षेत्र के डोभी गांव के नजदीक हाथी ने एक बुजुर्ग पर हमला किया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी।

दो लोगों की जान जाने के बाद ग्रामीणों में डर के साथ नाराजगी भी है। लोग शाम होते ही घरों में रहने को मजबूर हैं। वहीं, हाथी की मौजूदगी के डर से किसान खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं।

छत्तीसगढ़ में कबरा हाथी ने भी बढ़ाई वन विभाग की चुनौती

इधर, छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में कबरा नाम के हाथी को लेकर भी वन विभाग की चिंता बनी हुई है। बताया गया है कि यह हाथी अब तक 17 लोगों की जान ले चुका है। उसे ट्रेंक्यूलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने के लिए वन विभाग ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन पहले दिन टीम को सफलता नहीं मिली।

मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी प्रणय मिश्रा के अनुसार, सायर और पहाड़कोरजा के बीच जिस इलाके में कबरा की मौजूदगी की सूचना मिली थी, वहां पहले से ही 17 हाथियों का झुंड मौजूद है। कबरा भी इसी दल में शामिल हो गया है। ऐसे में उसे अलग से पहचानना चुनौती बन गया है।

झुंड से अलग होने पर होगी कार्रवाई

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, कबरा हाथी के झुंड से अलग होने के बाद ही उसकी पहचान कर उसे ट्रेंक्यूलाइज करने और रेडियो कॉलर लगाने की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। योजना के अनुसार, रेस्क्यू के बाद उसे तैमोर पिंगला स्थित रेस्क्यू सेंटर में रखा जाएगा। इसके लिए शासन से जल्द आदेश मिलने की उम्मीद जताई गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!