नई दिल्ली:  उत्तर भारत में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के बाद ठंड का असर बढ़ने लगा है। उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में सुबह के समय कोहरा छाने लगा है। वहीं, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भी सोमवार सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है।

इस बीच बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवाती सिस्टम सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

बंगाल की खाड़ी में बनेगा चक्रवाती तूफान, कई राज्यों में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। अनुमान है कि 17 नवंबर को यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।

इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं, 18 और 19 नवंबर को तमिलनाडु में तथा 19 से 21 नवंबर के बीच ओडिशा में भारी बारिश हो सकती है।मध्य भारत के मौसम पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है। मध्य प्रदेश में शुक्रवार और शनिवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में 19 से 21 नवंबर के बीच बारिश की संभावना जताई गई है।इसके अलावा 18 से 21 नवंबर के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की दस्तक, तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट संभव

उत्तर प्रदेश में ठंड का असर अब बढ़ने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय कोहरा छाने लगा है। रविवार को लखनऊ, कानपुर, संभल, शामली, मऊ, बाराबंकी और उन्नाव समेत कई शहरों में कोहरे का असर देखने को मिला। इससे पहले शनिवार को भी प्रदेश के करीब 25 शहरों में घना कोहरा दर्ज किया गया था।मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ सकती है। 16 से 18 नवंबर के बीच दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।दृश्यता की बात करें तो 15 से 17 नवंबर तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश और 16 व 17 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में विजिबिलिटी काफी कम रह सकती है। ऐसे में सुबह के समय वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

दिल्ली में सुबह धुंध और मध्यम कोहरे का अनुमान

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को आसमान साफ रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह के समय अधिकांश इलाकों में धुंध और हल्का कोहरा छाया रह सकता है। कुछ स्थानों पर मध्यम स्तर का कोहरा भी देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है।दिन के समय करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुल मिलाकर दिल्ली-एनसीआर में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने के साथ कोहरे की स्थिति भी देखने को मिलेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!