
उज्जैन। स्वामी इंद्रदेव को लेकर उठे विवाद के बीच पंचायती अखाड़े ने बड़ा फैसला लिया है। अखाड़े ने गुरुवार, 12 नवंबर को उन्हें महामंडलेश्वर पद से हटाते हुए निष्कासित कर दिया। मुंबई की एक महिला ने स्वामी इंद्रदेव पर यौन उत्पीड़न और धमकी देने के आरोप लगाए थे। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने भी उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था।
इस प्रकरण को लेकर साधु-संतों और अखाड़ों के बीच चर्चा चल रही थी। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने पहले कहा था कि सभी अखाड़ों के पंच एक साथ बैठकर मामले पर विचार करेंगे। इसके बाद पंचायती अखाड़े ने कार्रवाई का निर्णय लिया।
साध्वी हर्षानंद गिरी ने की सख्त कार्रवाई की मांग
स्वामी इंद्रदेव के खिलाफ कार्रवाई के बाद साधु-संतों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। साध्वी हर्षानंद गिरी ने कहा कि यदि कोई संत इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो उसे अखाड़ों से बाहर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित संतों का बहिष्कार होना चाहिए और अखाड़ों को सख्त रुख अपनाना चाहिए।
2016 में मिला था महामंडलेश्वर का पद
स्वामी इंद्रदेव का जन्म 2 फरवरी 1976 को उत्तर प्रदेश के मथुरा में हुआ था। उन्होंने एटा स्थित आर्ष गुरुकुल से वैदिक शिक्षा प्राप्त की। 6 जून 2016 को पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने उन्हें महामंडलेश्वर बनाया था।
बताया जाता है कि पद मिलने के बाद वे अखाड़े के धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में नियमित रूप से शामिल नहीं रहे। वर्ष 2024 में अमेरिकन यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लोबल पीस की ओर से उन्हें ह्यूमैनिटी एंड स्पिरिचुअल एजुकेशन विषय में मानद पीएचडी की उपाधि दिए जाने की जानकारी भी सामने आई थी।
महिला ने शिकायत में लगाए गंभीर आरोप
मुंबई की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिसंबर 2023 में एक सत्संग के दौरान उसने स्वामी इंद्रदेव को अपनी पारिवारिक परेशानियों के बारे में बताया था। इसके बाद दोनों के बीच फोन और वीडियो कॉल के जरिए बातचीत होने लगी।
महिला का आरोप है कि बातचीत के दौरान स्वामी इंद्रदेव ने अश्लील बातें कीं और आपत्तिजनक व्यवहार किया। शिकायत में वृंदावन स्थित आश्रम में जबरन शारीरिक संबंध बनाने और घटना से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग मिटाने के लिए धमकाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
इन आरोपों के सामने आने के बाद मामला अखाड़े तक पहुंचा और अब पंचायती अखाड़े ने स्वामी इंद्रदेव को महामंडलेश्वर पद से हटाने के साथ निष्कासन का फैसला लिया है।











