
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में दिवाली से पहले तेज रफ्तार थार ने जमकर कहर बरपाया। कल्याणपुर के आवास विकास-3 इलाके में शनिवार रात करीब 8 बजे एक थार ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 55 वर्षीय संतोष सिंह चौहान की मौत हो गई। टक्कर के बाद अनियंत्रित थार एक मकान की बाउंड्री तोड़ते हुए गार्डन में जा घुसी। घटना के बाद थार सवार लोग दूसरी कार से मौके से फरार हो गए।
स्कूटी सवार को टक्कर मारने के बाद मकान में घुसी थार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार की रफ्तार काफी तेज थी। स्कूटी सवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संतोष सिंह चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद थार अनियंत्रित होकर एक मकान की बाउंड्री तोड़ते हुए अंदर गार्डन में जा घुसी।चश्मदीदों का दावा है कि हादसे के वक्त थार एक महिला चला रही थी। गाड़ी में उसके साथ एक अन्य युवती और युवक भी मौजूद थे। हादसे के बाद जब स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो तीनों दूसरी कार से मौके से फरार हो गए।
घर से महज 500 मीटर दूर हुआ हादसा
हादसे की सूचना मिलने पर संतोष सिंह चौहान के बेटे राहुल चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने पिता के शव की पहचान की। पिता का शव देखकर राहुल बदहवास हो गए और रोने लगे।
राहुल के मुताबिक, उनके पिता शनिवार शाम करीब 7:30 बजे स्कूटी लेकर घर से निकले थे। वह अपनी पत्नी की साड़ी लेकर कहीं जा रहे थे। घर से निकलते वक्त उन्होंने जल्द लौटने की बात कही थी। लेकिन कुछ ही देर बाद परिवार को उनके सड़क हादसे में मौत होने की सूचना मिली।
बताया जा रहा है कि हादसा उनके घर से महज 500 मीटर की दूरी पर हुआ। दिवाली से पहले हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग फरार वाहन सवारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।










