सूरजपुर: खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान विक्रय हेतु किसानों की सुविधा एवं खरीदी केंद्रों में लंबी कतारों से राहत दिलाने के उद्देश्य से खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा तुहर टोकन मोबाइल ऐप की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस ऐप के माध्यम से किसान घर बैठे किसी भी समय ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकेंगे।
तुहर टोकन मोबाइल ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। ऐप का उपयोग करने के लिए किसानों को सर्वप्रथम ओटीपी आधारित पंजीयन करना होगा। इसके पश्चात किसान अपनी धान विक्रय की मात्रा दर्ज कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टोकन प्राप्त कर सकेंगे।

70 प्रतिशत टोकन ऑनलाइन, 30 प्रतिशत समिति स्तर से

धान खरीदी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने के लिए प्रत्येक समिति की निर्धारित दैनिक खरीदी क्षमता का 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से तथा शेष 30 प्रतिशत टोकन समिति स्तर से जारी किए जायेगा। ऑनलाइन टोकन की निर्धारित सीमा में 80 प्रतिशत लघु एवं सीमांत किसानों तथा 20 प्रतिशत बड़े किसानों के लिए आरक्षित रहेगा।

भूमि रकबे के अनुसार मिलेगी टोकन की सुविधा

निर्धारित व्यवस्था के अनुसार 2 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को एक टोकन, 2 एकड़ से अधिक एवं 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को दो टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को तीन टोकन प्राप्त करने की पात्रता होगी।किसान पूर्व वर्ष की भांति धान की मात्रा दर्ज कर टोकन प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही पात्रतानुसार दूसरे एवं तीसरे टोकन के माध्यम से शेष धान का विक्रय भी कर सकेंगे।

10 नवंबर से काटे जा सकेंगे टोकन

किसानों के लिए टोकन जारी करने की प्रक्रिया 10 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगी। इसके अंतर्गत किसान 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक की निर्धारित धान विक्रय तिथियों के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे।इस डिजिटल व्यवस्था से किसानों को टोकन प्राप्त करने के लिए बार-बार खरीदी केंद्रों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी तथा समय की बचत के साथ धान खरीदी प्रक्रिया अधिक सुगम एवं व्यवस्थित हो सकेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!