नई दिल्ली : - बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी आगामी फिल्म ‘ईठा’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। इसमें श्रद्धा महाराष्ट्र की मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के किरदार में बिल्कुल नए और दमदार अंदाज में नजर आ रही हैं। ट्रेलर की शुरुआत उनके प्रभावशाली डायलॉग से होती है, जिसमें वह कहती हैं, ‘मेरा भरोसा ही मेरा घमंड था रे, जब वो टूट गया ना, सब टूट गया।’ इसके बाद विठाबाई के संघर्ष, जुनून और मंच पर अपनी पहचान बनाने के सफर की झलक दिखाई जाती है। मोहम्मद जीशान अय्यूब का दमदार वॉइसओवर और फिल्म का संगीत ट्रेलर को और प्रभावशाली बनाते हैं।

विठाबाई नारायणगांवकर महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लोक कलाकार थीं, जिन्होंने लावणी और तमाशा कला को नई पहचान दिलाई। कलाकार परिवार में जन्मीं विठाबाई ने बेहद कम उम्र में मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। उनके जीवन में संघर्ष और समर्पण की कई ऐसी घटनाएं रहीं, जो आज भी लोगों को हैरान करती हैं। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी ‘ईठा’ में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी और सिद्धार्थ जाधव भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में एक ऐसी कलाकार की जिंदगी दिखाई जाएगी, जिसने तमाम मुश्किलों के बावजूद अपनी कला और जुनून से अलग पहचान बनाई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!