सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। जयनगर थाना क्षेत्र में पहले 18 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे मिला। इसके बाद शनिवार देर शाम घर के बंद कमरे से उसकी मां का शव बरामद हुआ। दोनों के शुक्रवार से लापता होने की जानकारी सामने आई है। घटनाक्रम के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

मुख्य मार्ग से दूर मिला युवक का शव

जानकारी के अनुसार, शनिवार को महावीरपुर कालीघाट रोड के पास मुख्य मार्ग से करीब 25 मीटर दूर एक युवक का शव मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान की प्रक्रिया शुरू की। बाद में उसकी पहचान केशवनगर निवासी सजल बरेठ (18) के रूप में हुई।पुलिस को युवक की स्कूटी केशवनगर स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास मिली। युवक की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल था, तभी शाम को उसकी मां की मौत की जानकारी सामने आने से मामला और गंभीर हो गया।

बंद कमरे में मिला शिक्षिका मां का शव

सजल और उसकी मां रजनी बरेठ केशवनगर में छत्तीसगढ़ ढाबा के पीछे स्थित ममता कॉलोनी के एक किराए के मकान में रहते थे। शनिवार देर शाम घर की जांच के दौरान एक बंद कमरे से रजनी बरेठ का शव बरामद किया गया। वह बेलटिकरी विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। जानकारी के मुताबिक, उनका अपने पति से तलाक हो चुका था।शुक्रवार से लापता मां-बेटे के शव अलग-अलग जगह मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नही हो पाया है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए जयनगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल और बंद कमरे से फिंगरप्रिंट सहित अन्य भौतिक साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले है।पुलिस दोनों मौतों के बीच संभावित संबंध और घटना के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!