
छत्तीसगढ़: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के मनेन्द्रगढ़ में जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद में एक बेटे पर अपने ही पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जमीन बेचने के लिए पिता पर दबाव बनाया था। इसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने पिता के साथ मारपीट की, जिससे उनकी जान चली गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घर में संदिग्ध हालत में मिला था पिता का शव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को मनेन्द्रगढ़ के लालपुर इलाके में ऋषि कुमार सूर्यवंशी अपने घर में मृत पाए गए थे। उनके शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद मामला संदिग्ध हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। इसके साथ ही गवाहों के बयान दर्ज कर विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
जमीन बेचने के दबाव को लेकर हुआ था विवाद
जांच के दौरान पता चला कि 7 अक्टूबर को मृतक के बेटे रवि कुमार सूर्यवंशी ने अपने पिता पर जमीन बेचने के लिए दबाव बनाया था। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने पानी के पाइप से पिता की पिटाई की थी। इस मारपीट में उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिनके कारण उनकी मौत हो गई।
पूछताछ में अपराध स्वीकारने का पुलिस का दावा
मामले की जांच के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने रवि कुमार सूर्यवंशी (27), निवासी वार्ड क्रमांक 06, लालपुर, मनेन्द्रगढ़ को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के निर्देशन में की गई। अभियान में मनेन्द्रगढ़ कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।




















