
बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के आरईएस विभाग में तकनीकी सहायक के पद पर पदस्थ टीकम चंद कौशिक द्वारा सोशल मीडिया पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर के अध्यक्ष नीरज तिवारी ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
नीरज तिवारी ने कहा कि यदि संबंधित टिप्पणी वास्तव में टीकम चंद कौशिक के सोशल मीडिया अकाउंट से की गई है, तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि संबंधित पोस्ट अथवा कमेंट की सत्यता और उसके संदर्भ की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाते हैं और यह शासकीय सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन सिद्ध होता है, तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।नीरज तिवारी ने कहा कि शासकीय सेवा में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से निष्पक्षता, मर्यादा और निर्धारित आचरण बनाए रखने की अपेक्षा होती है। राजनीतिक विचार रखना प्रत्येक व्यक्ति का व्यक्तिगत अधिकार है, लेकिन सरकारी पद पर रहते हुए किसी राजनीतिक व्यक्ति के संबंध में की गई सार्वजनिक टिप्पणी यदि सेवा आचरण की सीमा का उल्लंघन करती है, तो विभागीय स्तर पर उसका संज्ञान लिया जाना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी व्यक्ति के निजी विचारों से नहीं, बल्कि शासकीय पद की गरिमा और सेवा आचरण के पालन से जुड़ा है। उन्होंने प्रशासन से जांच को निष्पक्ष और पारदर्शी रखने की मांग करते हुए कहा कि इससे किसी के साथ अन्याय नहीं होगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जिम्मेदारी भी तय की जा सकेगी।
नीरज तिवारी ने कहा, “सरकारें आती-जाती हैं और सत्ता बदलती रहती है, लेकिन शासकीय सेवा की मर्यादा और आचरण के नियम सभी के लिए समान होने चाहिए।”




















