
CG News: छत्तीसगढ़ में वाहन चालकों के लिए ई-चालान को लेकर महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। अगर आपके वाहन का ई-चालान लंबे समय से लंबित है, तो इसे नजरअंदाज करना महंगा पड़ सकता है। लंबित चालानों का असर अब आरसी, फिटनेस, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े कामों पर पड़ सकता है।राजधानी में पुराने और नए मामलों को मिलाकर सवा लाख से अधिक ई-चालान लंबित बताए जा रहे हैं। इनमें करीब 96,800 मामले ऐसे हैं, जिनका निपटारा अदालत में होना बाकी है। ऐसे वाहन चालकों के लिए आगामी लोक अदालत महत्वपूर्ण मौका हो सकती है।
12 सितंबर को मिलेगा चालान निपटाने का मौका
लंबित ई-चालानों के समाधान के लिए 12 सितंबर को लोक अदालत आयोजित की जाएगी। वाहन चालक इस दौरान अपने लंबित चालानों का निपटारा करा सकते हैं। इसके लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।जो लोग लोक अदालत के जरिए अपने चालान का समाधान कराना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के भीतर पंजीयन कराना होगा। इच्छुक वाहन चालकों के लिए गुरुवार तक पंजीयन कराने की जानकारी दी गई है।
समय रहते चालान निपटाना रहेगा बेहतर
ई-चालान लंबित होने की स्थिति में वाहन से जुड़े जरूरी दस्तावेजों और सेवाओं से संबंधित काम प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में जिन वाहन चालकों के चालान बाकी हैं, उनके लिए लोक अदालत में निपटारे का यह अवसर उपयोगी हो सकता है।




















