
बलरामपुर: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर बलरामपुर पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की है। वर्ष 2026 के प्रथम 9 माह में पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 1001 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए।
पुलिस के अनुसार, इन मामलों में न्यायालय के माध्यम से कुल 1 करोड़ 13 लाख 15 हजार 400 रुपए समन शुल्क वसूल किया गया है। इसके अलावा 251 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किए गए, जिनमें से 144 लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित किए गए हैं।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में की जा रही है। यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जा रही है। जांच के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनाभी है।
वाहन चालकों से पुलिस की अपील
बलरामपुर पुलिस ने वाहन चालकों से शराब या किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है। साथ ही वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।पुलिस ने लोगों से यह भी कहा है कि यदि कोई व्यक्ति नशे की हालत में वाहन चलाने का प्रयास करता है, तो उसे वाहन चलाने से रोकें और सुरक्षित साधन से घर पहुंचने के लिए प्रेरित करें।




















