Sidhi News:  सीधी जिले में मंगलवार दोपहर उस समय हडकंप मच गया, जब रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र की छुहिया घाटी में ओडिशा पुलिस की टीम को कथित तौर पर बदमाशों ने घेर लिया। बताया जा रहा है कि टीम NDPS मामले में गिरफ्तार एक आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान चार वाहनों में सवार लोगों ने पुलिस वाहन को रोककर हमला किया और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर फरार हो गए।घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलते ही सीधी और आसपास के इलाकों की पुलिस को सतर्क कर दिया गया।

न्यायालय में पेशी के लिए आरोपी को लेकर जा रही थी टीम

जानकारी के मुताबिक, ओडिशा पुलिस NDPS मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को ओडिशा से रीवा जिला न्यायालय में पेश करने के लिए लेकर जा रही थी। पुलिस टीम जब रीवा और सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी से गुजर रही थी, उसी दौरान चार गाडियों में सवार लोगों ने कथित तौर पर पुलिस वाहन को घेर लिया।पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने टीम पर तीन बार फायरिंग की। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों पर बेसबॉल बैट से हमला किए जाने की बात भी सामने आई है। हमले के बाद आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस की हिरासत से छुड़ाकर ले जाने की जानकारी सामने आई है।

आठ पुलिसकर्मी हथियारों के साथ थे मौजूद

घटना के वक्त पुलिस टीम में कुल आठ जवान मौजूद बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, टीम के पास AK-47, पिस्टल और अन्य हथियार भी थे। इसके बावजूद हमलावर आरोपी को लेकर मौके से निकलने में सफल रहे।फायरिंग और मारपीट की सूचना के बाद पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पहुंचे मौके पर

घटना की जानकारी मिलने के बाद सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी भी मौके पर पहुंचे। उनके अनुसार, सूचना मिलते ही आसपास के थानों से पुलिस बल को रवाना किया गया था।ओडिशा पुलिस की ओर से बताया गया कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर तीन बार गोली चलाई और इसके बाद आरोपी को जबरन अपने साथ ले गए। फिलहाल किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

मैहर की ओर भागने की सूचना, पुलिस ने बढाई निगरानी

वारदात के बाद आरोपियों के वाहनों के मैहर जिले की ओर जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की तलाश कर रही है और संदिग्ध लोगों की पहचान करने में जुटी है।छुहिया घाटी और आसपास के इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढा दी गई है। मामले में हमलावरों और फरार आरोपी की तलाश के लिए अलग अलग स्तर पर जांच की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!