
रायपुर/जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को बस्तर जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया। उन्होंने जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र के डोंगाघाट पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और राहत में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को शासन के प्रावधानों के तहत मिलने वाली सहायता के अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक प्रभावित परिवार को 10-10 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षति का सर्वे और आकलन तेजी से पूरा कर पात्र परिवारों तक सहायता राशि जल्द पहुंचाई जाए।
इंद्रावती नदी के जलस्तर का लिया जायजा
सीएम साय ने डोंगाघाट के बाद इंद्रावती पुल पहुंचकर नदी के जलस्तर और आसपास के प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से बारिश, बाढ़ की स्थिति, प्रभावित गांवों और शहरी क्षेत्रों तथा जारी राहत-बचाव कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने निचले और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जलस्तर या मौसम की स्थिति में बदलाव होने पर राहत एवं बचाव दलों को तत्काल सक्रिय किया जाए। लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
बाढ़ के बाद स्वास्थ्य और स्वच्छता पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि पानी उतरने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य और स्वच्छता की चुनौती बढ़ सकती है। उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, जलस्रोतों की सफाई और जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य शिविर लगाने, पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध रखने और बीमारी फैलने की किसी भी आशंका पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।
मकान, फसल और पशुधन के नुकसान का सर्वे
सीएम साय ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों, फसलों, पशुधन और अन्य संपत्तियों का पारदर्शी तरीके से सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वास्तविक नुकसान का आकलन कर पात्र परिवारों को शासन के प्रावधानों के अनुसार जल्द सहायता उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से राहत शिविरों और प्रभावित बस्तियों में नियमित पहुंचकर लोगों की जरूरतों की जानकारी लेने को भी कहा।
'प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है सरकार'
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, राहत और जनजीवन को जल्द सामान्य करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान महापौर संजय पाण्डेय, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, कमलचंद्र भंजदेव सहित जनप्रतिनिधि तथा कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




















