
सागर। मध्य प्रदेश के सागर से हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मकरोनिया थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने जीजा पर लोहे के पाइप से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अंकित पटेल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
चाय की दुकान पर शुरू हुआ विवाद, कुछ ही देर में बरसने लगा पाइप
बताया जा रहा है कि रविवार 27 सितंबर को आरोपी जय अपने कुछ दोस्तों के साथ चाय की दुकान पर पहुंचा था। इसी दौरान वहां अंकित पटेल भी मौजूद था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।विवाद बढ़ते ही जय ने लोहे का पाइप उठा लिया और अंकित पर हमला कर दिया। आरोपी ने उसके सिर को निशाना बनाया। मौके पर मौजूद दोस्तों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हमला नहीं रुका।
CCTV में कैद हुआ खौफनाक हमला, 16 सेकंड में 14 वार
पूरी घटना दुकान के पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी अंकित पर लगातार पाइप से हमला करता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि महज 16 सेकंड के भीतर आरोपी ने अंकित पर 14 बार वार किए।हमले के बाद अंकित गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
2020 में हुआ था अंतरजातीय विवाह, तलाक के बाद भी जारी था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अंकित पटेल ने वर्ष 2020 में आरोपी जय द्विवेदी की बहन से अंतरजातीय विवाह किया था। बाद में दोनों का तलाक हो गया था।बताया जा रहा है कि इस विवाह को लेकर जय नाराज था। परिवार की ओर से उसकी बहन की दूसरी शादी कराने की तैयारी भी की जा रही थी। वहीं तलाक के बावजूद अंकित अपनी पूर्व पत्नी के साथ रहने की इच्छा रखता था। इसी पारिवारिक विवाद को भी हत्या की वजह से जोड़कर देखा जा रहा है।
जय समेत तीन लोगों पर केस, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में जय, राजुल समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वारदात के बाद से सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।




















